Top 5 This Week

Related Posts

राखियों की खनक और मिठाइयों की महक से गुलजार हुआ शिमला, रुद्राक्ष-मोरपंख वाली राखियों की बढ़ी मांग

Shimla: रक्षाबंधन के त्योहार से एक दिन पहले वीरवार को शिमला के बाजारों में खूब रौनक देखने को मिली। राखियों और मिठाइयों की खरीदारी के लिए दिनभर दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। लोअर बाजार, मिडिल बाजार और राम बाजार में महिलाओं और युवतियों की विशेष चहल-पहल रही। त्योहार को लेकर कारोबारियों के चेहरे भी खिले नजर आए।

करियाना दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों के बाहर राखियों के विशेष स्टॉल लगाए थे। इन स्टॉलों पर तरह-तरह की रंग-बिरंगी और आकर्षक डिजाइन वाली राखियां सजी हुई थीं। इस बार बाजार में रुद्राक्ष, चंदन, मोरपंख और भगवान की प्रतिमा वाली राखियों की सबसे अधिक मांग देखने को मिली।

बहनों ने भाइयों की पसंद और व्यक्तित्व को ध्यान में रखते हुए पारंपरिक राखियों के साथ-साथ नए डिजाइन वाली राखियां भी खरीदीं। बच्चों के लिए कार्टून और सुपरहीरो थीम वाली राखियां भी बाजार में आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

10 से 500 रुपये तक की राखियां

राखी कारोबारी आशीष ने बताया कि बाजार में 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार राखियां खरीद रहे हैं। महंगी राखियों में आकर्षक डिजाइन और धार्मिक प्रतीकों वाली राखियों की मांग अधिक है, जबकि बच्चों के बीच कार्टून और सुपरहीरो वाली राखियां पसंद की जा रही हैं।

कारोबारियों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से बरसात के कारण सैलानियों की आमद कम होने से शिमला के बाजारों में कारोबार प्रभावित हुआ था। कई बाजारों में अपेक्षाकृत सन्नाटा देखने को मिल रहा था, लेकिन रक्षाबंधन के त्योहार ने बाजारों में एक बार फिर रौनक लौटा दी है। राखियों और मिठाइयों की बढ़ी बिक्री से कारोबारियों को बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी है।

घेवर और बकलावा की सबसे ज्यादा मांग

रक्षाबंधन को लेकर मिठाई की दुकानों में भी सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। मिठाई विक्रेताओं रमन और रमेश ने बताया कि त्योहार के लिए विशेष रूप से घेवर और बकलावा तैयार किया गया है और इनकी सबसे ज्यादा मांग है।

बाजार में घेवर की कीमत 400 से 650 रुपये प्रति किलो, जबकि बकलावा करीब 1,100 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। इसके अलावा पंजीरी, डोडा बर्फी, गुलाब जामुन, पेड़ा और बेसन के लड्डू भी ग्राहकों के लिए तैयार किए गए हैं। मिठाई विक्रेताओं को रक्षाबंधन पर बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।

ये रहेगा राखी बांधने का शुभ मुहूर्त

रक्षाबंधन पर इस बार सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक राखी बांधना शुभ माना गया है। राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी उमेश नौटियाल के अनुसार, शुभ मुहूर्त की कुल अवधि करीब 3 घंटे 51 मिनट रहेगी।

इस दौरान सुबह 7:33 बजे से 9:10 बजे तक लाभ मुहूर्त और 9:10 बजे से 9:48 बजे तक अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त रहेगा। इस समय भाई की कलाई पर राखी बांधना विशेष फलदायी माना गया है।

यदि किसी कारणवश सुबह राखी बांधना संभव न हो तो दोपहर में भी शुभ समय उपलब्ध रहेगा। दोपहर 12:23 बजे से 2:00 बजे तक राखी बांधी जा सकती है।

रक्षाबंधन की खरीदारी को लेकर शिमला के बाजारों में उमड़ी भीड़ से व्यापारियों को त्योहारी सीजन में कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद है। राखियों से सजी दुकानें और मिठाइयों की खुशबू ने शहर के बाजारों में त्योहार का माहौल और भी खास बना दिया है।

Manpreet Singh
Author: Manpreet Singh

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles