डेस्क: कनाडा ने भारत से संचालित लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर अब तक का सबसे कड़ा प्रतिबंध लगा दिया है। सोमवार को कनाडा सरकार ने इसे आधिकारिक रूप से आतंकी संगठन की सूची में शामिल किया। यह कदम विशेष रूप से कनाडा में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों, खासकर पंजाबी समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
प्रेस रिलीज़ में कनाडा सरकार ने बताया कि यह गैंग हत्या, गोलीबारी, आगजनी और उगाही जैसी गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल है। गैंग का मुख्य निशाना भारतीय मूल के लोग, उनके व्यवसाय और सांस्कृतिक हस्तियां रहे हैं। गैंग का प्रमुख लॉरेंस बिश्नोई भारत की जेल में है, लेकिन कथित तौर पर वह मोबाइल फोन के जरिए जेल से गैंग का संचालन करता है।
कनाडा में अब मदद करना होगा अपराध
इस नई लिस्टिंग के बाद कनाडाई नागरिकों के लिए इस गैंग को आर्थिक या किसी भी तरह की मदद देना अपराध माना जाएगा। प्रेस रिलीज़ में कहा गया है कि गैंग की संपत्ति से लेनदेन करना, सीधे या परोक्ष रूप से मदद करना कानूनन अपराध होगा।
कनाडाई कानून प्रवर्तन एजेंसियों, जैसे RCMP, को अब गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अधिकार मिलेगा। इसमें संपत्ति जब्त करना, बैंक खाते फ्रीज करना और गैंग के समर्थकों पर मुकदमा चलाना शामिल है।
कनाडा के पब्लिक सेफ्टी मंत्री गैरी अनंदसंगरी ने कहा,
“हिंसा और आतंक का कनाडा में कोई स्थान नहीं। खासकर जब किसी समुदाय को डर और धमकी के माहौल में जीने के लिए मजबूर किया जाता है।”
यह कार्रवाई कनाडा में बढ़ती उगाही और लक्षित हत्याओं के बीच आई है। सरकार ने स्पष्ट किया कि यह कदम पंजाबी और भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आतंकवादी नेटवर्कों पर कड़ी निगरानी के लिए उठाया गया है।
ये भी पढ़ें: ट्रंप ने किया विदेशी फिल्मों पर 100% टैरिफ लगाने का ऐलान, जानें किन देशो पर पड़ेगा असर



