Patna: बिहार के मैनेजमेंट छात्रों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और सस्टेनेबिलिटी के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीखने का नया अवसर सामने आया है। चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट पटना (CIMP) और दक्षिण कोरिया की Ajou University ने संयुक्त कार्यक्रमों, रिसर्च और छात्र-फैकल्टी एक्सचेंज को लेकर साझेदारी की दिशा में कदम बढ़ाया है।
इस सहयोग के तहत दोनों संस्थान AI, ICT, रोबोटिक्स, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और सस्टेनेबल डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे। छात्रों और फैकल्टी के लिए भारत और दक्षिण कोरिया के अकादमिक एवं टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम का अनुभव हासिल करने के अवसर तैयार किए जाएंगे।
7 दिन से 1 महीने तक के प्रोग्राम
CIMP और Ajou University की साझेदारी के तहत शुरुआती तौर पर तीन प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
1. AI Future Leaders Certificate
7 दिवसीय इस कार्यक्रम में छात्रों को AI की बुनियादी समझ, प्रैक्टिकल प्रोटोटाइप तैयार करने और इनोवेशन आइडिया को प्रस्तुत करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
2. Executive Certificate in AI-Driven Digital Transformation
यह एक महीने का कार्यक्रम होगा। इसमें संगठनों में AI के इस्तेमाल की संभावनाओं को समझने और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की रणनीति तैयार करने पर फोकस किया जाएगा।
3. Korea-India AI, Sustainability & Innovation Immersion
15 दिवसीय इस कार्यक्रम में भारत और दक्षिण कोरिया के बीच क्रॉस-कल्चरल लर्निंग, टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम विजिट और संयुक्त इनोवेशन चैलेंज शामिल होंगे।
छात्र और फैकल्टी एक्सचेंज पर भी जोर
इस साझेदारी में केवल ट्रेनिंग ही नहीं, बल्कि स्टूडेंट और फैकल्टी एक्सचेंज, संयुक्त रिसर्च, कैपस्टोन प्रोजेक्ट और इंडस्ट्री व सरकारी संस्थानों से जुड़े समस्याओं पर काम करने की योजना भी शामिल है। दोनों संस्थान संयुक्त रिसर्च क्लस्टर और कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की दिशा में भी काम करेंगे।
Ajou University की विशेषज्ञता AI, ICT, रोबोटिक्स और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में है, जबकि CIMP की प्रमुख रुचियों में क्लाइमेट फाइनेंस, ESG, सामाजिक उद्यमिता और समावेशी विकास शामिल हैं। साझेदारी का उद्देश्य इन दोनों क्षेत्रों की विशेषज्ञता को जोड़कर व्यावहारिक रिसर्च और इनोवेशन को बढ़ावा देना है।
Joint Centre for AI और Innovation की भी योजना
दोनों संस्थानों के बीच Joint Centre for AI, Innovation, Entrepreneurship and Sustainability स्थापित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। प्रस्तावित केंद्र रिसर्च, एग्जीक्यूटिव एजुकेशन और इंडस्ट्री सहयोग के लिए एक दीर्घकालिक प्लेटफॉर्म के रूप में काम कर सकता है।
CIMP के निदेशक प्रो. (डॉ.) राणा सिंह के अनुसार, यह सहयोग दक्षिण कोरिया की टेक्नोलॉजी विशेषज्ञता और भारत के उभरते इनोवेशन इकोसिस्टम को जोड़ने का अवसर है।

