रांची: केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने शुक्रवार को कांके के सुकरहुट्टू में प्रस्तावित 200 बेड के सुपर मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का शिलान्यास किया. इसका निर्माण दो साल के अंदर करने की योजना है. जून से काम शुरू हो जाएगा. यहीं आवासीय परिसर भी बनाया जाएगा. इस पर सीसीएल करीब 300 करोड़ रुपए खर्च करेगी. शिलान्यास कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि गुरुवार को मुख्यमंत्री के साथ बात हुई है. चुनाव पूर्व 1.36 लाख करोड़ रुपए बकाया का मामला लाया गया है. राज्य सरकार के साथ इस मुद्दे पर बात हुई है. राज्य और केंद्र सरकार इस मुद्दे पर बात करेगी. केंद्र सरकार किसी का हक नहीं मारती है. किसी राज्य के साथ पक्षपात नहीं होता है. प्रधानमंत्री सभी राज्यों के हितों का ख्याल रखते हैं. ऐसा ही झारखंड के साथ भी होगा. झारखंड के मुख्यमंत्री ने जिन मुद्दों को उठाया है, उस पर गंभीरता से विचार होगा. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अस्पताल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों कराने का प्रयास किया जाएगा.
मौके पर केंद्र सरकार में रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि केंद्र सरकार ने झारखंड के लोगों को एक अच्छा उपहार दिया है. प्रधानमंत्री मोदी झारखंड के लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित रहते हैं. वह चाहते हैं कि गरीबों को अच्छी चिकित्सा सुविधा मिले. मौके पर राज्यसभा सदस्य आदित्य प्रसाद साहु, महुआ माजी, कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा, कोयला मंत्रालय के सचिव विक्रम देव दत्त, अतिरिक्त सचिव कोयला विस्मिता तेज, कोल इंडिया चेयरमैन पीएम प्रसाद, सीएमडी सीसीएल निलेंदु कुमार सिंह, सीएमडी सीएमपीडीआई मनोज कुमार आदि मौजूद थे.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस अस्पताल में कोयलाकर्मी, परियोजना प्रभावितों के साथ-साथ आमलोगों का भी इलाज होगा. इसका संचालन जिस संस्था को दिया गया है, उसका स्वास्थ्य के क्षेत्र में अच्छा अनुभव है. अस्पताल जनता की सेवा के लिए होगा. इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों कराने का प्रयास किया जाएगा.

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.

