चाईबासा/चक्रधरपुर: 6वां पैरा सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता-2025 में पश्चिमी सिंहभूम के विजेता खिलाड़ियों का चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर गर्मजोशी और हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया गया।
10 से 13 जनवरी 2025 तक जयपुर, राजस्थान में आयोजित इस प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम के खिलाड़ियों ने झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। झारखंड ने कुल 8 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए।
तुलसी करोवा का शानदार प्रदर्शन
चाईबासा की उदीयमान तीरंदाज तुलसी करोवा ने व्यक्तिगत और टीम इवेंट्स में कुल 5 पदक जीते। उन्होंने 50 मीटर इंडियन राउंड, 30 मीटर इंडियन राउंड, और व्यक्तिगत ओलंपिक राउंड में सिल्वर मेडल हासिल किए। टीम इवेंट्स में भी 1 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल जीता। तुलसी 2016 से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, तांतनगर में महर्षि महेंद्र सिंकू से तीरंदाजी का प्रशिक्षण ले रही थीं और वर्तमान में तुरतुंग तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र, सिकुरसाई में अभ्यास कर रही हैं। वह टाटा कॉलेज, चाईबासा में प्रथम सेमेस्टर की छात्रा हैं।
गोरवारी केराई का योगदान
नोवामुंडी की गोरवारी केराई ने पहली बार झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। वह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, नोवामुंडी की सातवीं कक्षा की छात्रा हैं।
विजय सुंडी की उपलब्धि
विजय सुंडी ने रिकर्व राउंड में डबल 70 मीटर दूरी पर सिल्वर और मिक्स टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने प्रतियोगिता में ओवरऑल इंडिया में दूसरा स्थान प्राप्त किया। विजय 2017 से राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीत रहे हैं और उनका प्रदर्शन लगातार उत्कृष्ट रहा है।
टीम प्रबंधन
झारखंड टीम के प्रशिक्षक महर्षि महेंद्र सिंकू और मैनेजर जानो पुरती सिंकू थे।
स्वागत समारोह
विजयी खिलाड़ियों के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। युवा समाजसेवी डोनेट ब्लड के संस्थापक रबिन्द्र गिलुवा ने गर्मजोशी और हर्षोल्लास के साथ खिलाड़ियों का स्वागत किया। इस अवसर पर आदिवासी मित्र मण्डल के पूर्व अध्यक्ष दिउरी सुरेश चंद्र हेस्सा, शुरू पुरती, नविन उराँव, विशाल महाली, विवेक केरकेट्टा आदि लोग उपस्थित थे। इन सभी ने विजेता तीरंदाजों से मिलकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.



