राजधानी क्षेत्र (NCR) एक बार फिर भूकंप के झटकों से हिल उठा। शनिवार सुबह दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और हरियाणा के कई जिलों में धरती हिलती महसूस की गई। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.7 मापी गई।
दिल्ली-NCR समेत हरियाणा में फिर महसूस किए गए भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.7
मुख्य बातें
- हरियाणा के झज्जर में था भूकंप का केंद्र
- लगातार दूसरे दिन झटके

हरियाणा के झज्जर में था भूकंप का केंद्र
भूकंप का केंद्र हरियाणा के झज्जर जिले में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप की तीव्रता हल्की होने के कारण बड़े स्तर पर नुकसान या दहशत की स्थिति नहीं बनी, हालांकि कई इलाकों में लोगों ने कंपन महसूस किया।
लगातार दूसरे दिन झटके
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को भी दिल्ली-NCR और हरियाणा में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस वक्त तीव्रता 4.4 रिकॉर्ड की गई थी। वह झटका दिल्ली से लगभग 51 किलोमीटर पश्चिम में और झज्जर से तीन किलोमीटर उत्तर-पूर्व में दर्ज हुआ था।
भूकंप के झटके लगते ही झज्जर, रोहतक, गुरुग्राम, पानीपत, हिसार और मेरठ के कई इलाकों में लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। कुछ लोगों ने बताया कि झटके इतने स्पष्ट थे कि वे घबराकर बाहर निकल गए। दिल्ली के कुछ हिस्सों में भी हल्की अफरा-तफरी देखी गई, हालांकि किसी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।
भूवैज्ञानिकों का कहना है कि NCR भूकंपीय क्षेत्र में आता है, इसलिए हल्के झटकों का आना सामान्य बात है। फिर भी, नागरिकों को आपदा के समय की तैयारियों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
ये भी पढ़ें: कैंटीन कर्मचारी से मारपीट करने पर शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ के खिलाफ मामला दर्ज
कवरेज: Krishan Mohan shukla, News Media Kiran
