प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से ठंडी और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके चलते दिल्ली में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग ने 24 नवंबर को राजधानी के अधिकतर इलाकों में कुहासा छाए रहने की संभावना जताई है। वहीं, कुछ स्थानों पर मध्यम स्तर का कोहरा भी देखने को मिल सकता है।
रविवार को 11.8 डिग्री दर्ज हुआ न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान इसमें 0.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। हालांकि, यह सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
दूसरी ओर, रविवार को दिनभर आसमान साफ रहा और धूप खिली रही। इसके कारण अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक था। सुबह के समय हल्का कुहासा देखने को मिला।
सुबह और रात में बढ़ेगी ठिठुरन
मौसम में बदलाव के साथ सुबह और रात के समय ठंड का एहसास अधिक होने की संभावना है। विशेष रूप से सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों और वाहन चालकों को कोहरे के कारण सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ दिल्ली में सर्दी का असर और बढ़ सकता है।

