मंगलवार, 24 नवंबर 2026
लाइव देखें
हॉट टॉपिक्स
ब्रेकिंग

नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप, सुबह 7:02 बजे कांपी धरती; असम में भी झटके

अब तक क्या हुआ

  • भूकंप की तीव्रता 5.4 मापी गई
  • भूकंप सुबह करीब 7:02 बजे आया
  • भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 20 किलोमीटर नीचे था।
  • असम में आए भूकंप की तीव्रता 2.5 थी।
📌 पिन किया गया 15 मिनट पहले
नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप! भारत, भूटान और बांग्लादेश में भी महसूस हुए झटके। असम में भी कांपी धरती।

New Delhi । नेपाल में मंगलवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 5.4 मापी गई। भूकंप सुबह करीब 7:02 बजे आया और इसका केंद्र नेपाल के कोशी प्रांत में लेलेप के पास बताया गया। भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 20 किलोमीटर नीचे था।

नेपाल में आए भूकंप के झटके भारत, भूटान और बांग्लादेश के कई इलाकों में महसूस किए गए। चीन के कुछ क्षेत्रों से भी झटके महसूस होने की खबरें सामने आईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।

असम में भी महसूस हुए भूकंप के झटके

नेपाल में भूकंप के कुछ घंटे पहले असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भी धरती कांपी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, असम में आए भूकंप की तीव्रता 2.5 थी। यह झटका सुबह 3:39 बजे महसूस किया गया।

इस भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 15 किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया। इसका भौगोलिक स्थान 25.743 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 93.355 डिग्री पूर्वी देशांतर बताया गया है।

नेपाल में भूकंप क्यों आते हैं?

नेपाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित है, जो भूकंपीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। इसके पीछे भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों की लगातार होने वाली हलचल प्रमुख कारण है।

भारतीय प्लेट उत्तर दिशा में आगे बढ़ते हुए यूरेशियन प्लेट से टकरा रही है। इस टकराव के कारण पृथ्वी की सतह के नीचे तनाव और ऊर्जा जमा होती रहती है। जब यह ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है, तो भूकंप के झटके महसूस होते हैं।

नेपाल में 2015 में 7.8 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था। इस आपदा में 9,000 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और बड़े पैमाने पर इमारतें क्षतिग्रस्त हुई थीं।

भूकंप आने पर कैसे करें बचाव?

भूकंप के दौरान सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार इन बातों का ध्यान रखें:

  1. मजबूत टेबल के नीचे रहें: घर के अंदर होने पर तुरंत नीचे झुकें, मजबूत टेबल के नीचे सिर और गर्दन को ढकें और झटके रुकने तक पकड़े रहें।

  2. खिड़कियों से दूर रहें: शीशे, अलमारी, भारी फर्नीचर और ऐसी चीजों से दूर रहें जो गिर सकती हैं।

  3. बाहर भागने की जल्दबाजी न करें: कंपन के दौरान सीढ़ियों या दरवाजे की ओर न दौड़ें। झटके रुकने के बाद सुरक्षित तरीके से बाहर निकलें।

  4. गाड़ी में हैं तो सुरक्षित रुकें: वाहन को सड़क किनारे रोकें। पुल, फ्लाईओवर और बिजली के खंभों से दूर रहें।

  5. खुले स्थान पर जाएं: यदि आप पहले से बाहर हैं तो इमारतों, पेड़ों और बिजली की लाइनों से दूर खुले स्थान पर रहें।

Ragav Kalia
Author: Ragav Kalia

वोटिंग जानकारी लोड हो रही है...

लाइव कवरेज यहाँ से शुरू हुई

कवरेज: Ragav Kalia, News Media Kiran

Ragav Kalia

News Media Kiran के लिए लिखते हैं।

अपनी राय दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *