नई दिल्ली: केंद्र सरकार में संसद के अगले सत्र को लेकर तैयारियां तेज होती दिख रही हैं। बुधवार 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में आगामी सत्र पर चर्चा होने की खबर है। पीटीआई और मीडिया सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने संकेत दिया है कि अगला संसदीय सत्र 15 दिसंबर से पहले शुरू हो सकता है और सभी मंत्रियों को इसके लिए कमर कस लेनी चाहिए।
सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने मंत्रियों से स्पष्ट कहा कि वे 15 दिसंबर से पहले अपने अपने मंत्रालयों के संसदीय कामकाज पूरे कर लें और इस दौरान विदेश दौरों से परहेज करते हुए राजधानी में मौजूद रहें। हालांकि सरकार ने अभी सत्र का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया है। सत्र की शुरुआत और अवधि पर अंतिम मुहर संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति (CCPA) लगाएगी।

