Top 5 This Week

Related Posts

एशिया कप 2025: चीन को 4-3 से हराकर जीत के साथ भारतीय हॉकी टीम का आगाज

भारतीय हॉकी टीम ने एशिया कप 2025 की शुरुआत जीत के साथ की। शुक्रवार (29 अगस्त) को बिहार के राजगीर में खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने चीन को 4-3 से मात दी। टीम इंडिया की जीत के हीरो कप्तान हरमनप्रीत सिंह रहे, जिन्होंने हैट्रिक लगाते हुए तीन गोल दागे। वहीं, जुगराज सिंह ने भी एक गोल किया। चीन की ओर से दु शिंहाओ, चेन बेनहाई और गाओ जिशेंग गोल करने में सफल रहे।

मैच का हाल

पहले क्वार्टर में भारत ने दबदबा बनाया लेकिन गोल करने में नाकाम रहा। 12वें मिनट में चीन के दु शिंहाओ ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद भारत ने दूसरे क्वार्टर में वापसी की। 18वें मिनट में जुगराज सिंह और 20वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया।

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में हरमनप्रीत ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 3-1 किया। हालांकि, चीन ने चेन बेनहाई और गाओ जिशेंग के गोलों की बदौलत स्कोर 3-3 से बराबर कर लिया। चौथे और अंतिम क्वार्टर में 47वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने तीसरा गोल दागते हुए भारत को 4-3 की निर्णायक बढ़त दिलाई, जो अंत तक कायम रही।

अब भारत अपना अगला मैच 31 अगस्त को जापान से खेलेगा।

एशिया कप में भारत का रिकॉर्ड

एशिया कप का यह 12वां संस्करण है। भारतीय टीम इससे पहले 2003, 2007 और 2017 में तीन बार खिताब जीत चुकी है। पाकिस्तान ने भी तीन बार (1982, 1985, 1989) यह टूर्नामेंट जीता है, जबकि दक्षिण कोरिया पांच बार (1994, 1999, 2009, 2013, 2022) विजेता रहा है।

इस बार भारत को पूल-ए में चीन, जापान और कजाकिस्तान के साथ रखा गया है। पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया, जिसके बाद उसकी जगह बांग्लादेश को शामिल किया गया। वहीं कजाकिस्तान तीन दशक बाद इस प्रतियोगिता में खेल रहा है।

वर्ल्ड कप का टिकट दांव पर

इस टूर्नामेंट की विजेता टीम अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई करेगी। ऐसे में भारत के पास खिताब जीतकर सीधे वर्ल्ड कप में जगह बनाने का सुनहरा मौका है।

भारत का स्क्वॉड

  • गोलकीपर: सूरज करकेरा, कृष्ण बहादुर पाठक

  • डिफेंडर: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय, जुगराज सिंह

  • मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह

  • फॉरवर्ड: मनदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा

ये भी पढ़ें: Health News: एक नई खोज के मुताबिक बुखार-दर्द की गोली पैरासिटामोल से जुड़ा है बड़ा खतरा, एंटीबायोटिक दवाओं को कर रही है बेअसर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles