Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा के मॉनसून सत्र में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायकों पर गाली-गलौज और हमले की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया। तेजस्वी ने बताया कि BJP विधायक जनक सिंह ने उन्हें और उनके परिवार को मां-बहन की गालियां दीं। इसके बाद लालगंज से BJP विधायक संजय सिंह ने माइक तोड़कर उन पर फेंकने की कोशिश की। अगर राजद विधायकों ने नहीं रोका होता, तो मामला और बिगड़ सकता था।
सदन में क्या हुआ? तेजस्वी ने बताई पूरी घटना
बिहार विधानसभा के मॉनसून सत्र के चौथे दिन दूसरी पाली में तेजस्वी यादव के भाषण के दौरान माहौल गर्म हो गया। तेजस्वी ने बताया कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर बोल रहे थे, तभी डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी से उनकी दो बार तीखी बहस हुई। इस दौरान BJP विधायक जनक सिंह ने कुछ टिप्पणी की, जिससे राजद विधायक भड़क गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की और मारपीट की नौबत आ गई।
तेजस्वी ने कहा – BJP विधायकों ने मेरे माता-पिता और बहन को गालियां दीं। संजय सिंह ने माइक तोड़कर मुझ पर हमला करने की कोशिश की। हमारे विधायकों ने मुझे बचा लिया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।” हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव को सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
सुरक्षाबलों को करनी पड़ी मशक्कत, नीतीश को ले जाना पड़ा बाहर
हंगामे के दौरान सदन में अफरा-तफरी मच गई। BJP और राजद विधायकों के बीच धक्कामुक्की को रोकने के लिए सुरक्षाबलों को कड़ी मेहनत करनी पड़ी। हालात इतने बेकाबू हो गए कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सुरक्षा घेरे में सदन से बाहर ले जाया गया। तेजस्वी ने कहा, “हम मुद्दों पर बात करना चाहते थे, लेकिन BJP विधायकों ने गाली-गलौज और गुंडागर्दी की। यह लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है।”
तेजस्वी ने मांगी वीडियो रिकॉर्डिंग, बोले- सच्चाई आएगी सामने
सदन से बाहर निकलकर तेजस्वी ने मीडिया से बात की और BJP पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से सदन की वीडियो रिकॉर्डिंग जारी करने की मांग की ताकि सच्चाई सामने आए। तेजस्वी ने कहा, “BJP के पास जवाब नहीं था, इसलिए वे गाली-गलौज और हिंसा पर उतर आए।”
बिहार की सियासत में बढ़ा तनाव
यह घटना बिहार की सियासत में नया तनाव पैदा कर सकती है। तेजस्वी के आरोपों ने BJP और राजद के बीच पहले से चल रही तकरार को और हवा दे दी है। लोग अब इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि इस मामले में अगला कदम क्या होगा।
Sanjana Gupta
Hindi Content Writer | New Media Kiran
Sanjana Gupta is a Hindi Content Writer at New Media Kiran, creating accurate, engaging, and reader-friendly news and web content for digital platforms. She specializes in well-researched Hindi articles that keep audiences informed and interested.

