रांची : रांची के कांके थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात जमीन और पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक जितेंद्र का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि जितेंद्र का प्रभात नाम के युवक से जमीन से जुड़े पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। प्रभात जितेंद्र से अपने पैसे मांग रहा था, जिस पर दोनों में बहस हो गई। बहस बढ़ते-बढ़ते झगड़े में बदल गई और गुस्से में आकर प्रभात ने पिस्टल निकालकर जितेंद्र को गोली मार दी। गोली उसके कमर में लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कांके थाना प्रभारी सुशील सिंह ने बताया कि घटना आपसी विवाद के चलते हुई। गोली चलाने वाले की पहचान कर ली गई है, उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, घायल जितेंद्र जेल में बंद जमीन माफिया कमलेश का काम देखता था। कमलेश को जमीन घोटाले के मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया था और वह अब भी जेल में बंद है। कमलेश के जेल जाने के बाद जितेंद्र ही उसका कारोबार संभाल रहा था। इसके अलावा, वह इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंस में भी काम करता है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.



