Top 5 This Week

Related Posts

रायपुर स्टील प्लांट हादसा: निर्माणाधीन ढांचा गिरने से 6 मजदूरों की मौत, कई घायल

डेस्क: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिलतरा इलाके में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निजी स्टील प्लांट में निर्माणाधीन ढांचा (सिल्ली) गिरने से छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह से अधिक मजदूर घायल हुए हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही धरसींवा पुलिस चौकी, प्रशासनिक अमला और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। मलबे से मजदूरों को निकालने का अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि मलबे में अभी भी कुछ मजदूर दबे हो सकते हैं। हादसे में मृतकों का शव नारायणा अस्पताल लाया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, यह घटना सिलतरा स्थित गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड में हुई। प्लांट के अंदर एक ढांचे की छत अचानक गिर गई और नीचे काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा संभवतः प्लांट के पिलेट्स यूनिट में हुआ। चर्चा यह भी है कि फैक्ट्री में गर्म स्लैक गिरने से कुछ मजदूर झुलस गए, जिनकी मौके पर मौत हो गई।

रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि हादसे में अब तक छह मजदूरों की मौत और छह मजदूरों के घायल होने की पुष्टि हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन तेज़ी से जारी है और प्लांट का गेट बंद कर दिया गया है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।

प्लांट प्रबंधन ने बयान जारी कर कहा कि, “यह हमारे लिए दुख की घड़ी है। हमारे सभी कर्मचारी एक परिवार की तरह हैं। हम मृतकों के परिजनों और घायलों की हरसंभव मदद कर रहे हैं और प्रशासन के साथ पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं।”

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग घटना स्थल पर जमा हो गए। स्थानीय प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

ये भी पढ़ें: Jharkhand News: रांची में बन रहा झारखंड का सबसे बड़ा मॉल, 11 मंजिला ट्विन टावर और रिवॉल्विंग रेस्टोरेंट भी होगा, जानें खासियत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles