धार्मिक
Grand conclusion of the musical Shrimad Bhagwat Katha:जमशेदपुर में संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य समापन,कथा ने गृहस्थ जीवन, त्याग, प्रेम, भक्ति और सत्य की महत्वपूर्ण दी शिक्षाएँ

जमशेदपुर। साकची स्थित रामलीला मैदान में श्री श्री रामलीला उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आज पूर्णाहुति के साथ भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों भक्तों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भागवत कथा के अंतिम दिवस पर राष्ट्रीय कथा प्रवक्ता आचार्य श्री राजेश कृष्ण जी महाराज वृंदावन ने श्रीकृष्ण की द्वारिका लीला का भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। वहीं इस सात दिवसीय संगीतमय कथा ने न केवल श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद और आत्मशांति प्रदान की, बल्कि उन्हें गृहस्थ जीवन, त्याग, प्रेम, भक्ति और सत्य की महत्वपूर्ण शिक्षाएँ भी दीं।
श्रीकृष्ण के गृहस्थ जीवन से मिले सीख
अपने सप्तम दिवस के कथा प्रसंग में आचार्य राजेश कृष्ण जी महाराज ने श्रीकृष्ण के गृहस्थ जीवन का आदर्श रूप प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि गृहस्थ जीवन कैसा हो, यह श्रीकृष्ण से सीखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि—
“स्नानदं, सदनम सुतास्तु, सुधिय, कांता प्रिया लापिनी”
अर्थात,
गृहस्थ में सभी सुधी जन (बुद्धिमान और संस्कारी व्यक्ति) हों।
प्रिय बोलने वाली सुलक्षणा स्त्री (पत्नी) हो।
बच्चे आज्ञाकारी हों।
घर में प्रभु का मंदिर हो और उसमें नियमित पूजा-अर्चना हो।
अतिथि का सदैव सम्मान किया जाए।
सत्यनारायण व्रत कथा हर पूर्णिमा को हो।
बड़ों का सम्मान किया जाए और बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर गीता-रामायण से परिचित कराया जाए।
उन्होंने कृष्ण के 16,108 पटरानियों और 1,61,080 बच्चों के साथ प्रेम और समर्पण से भरे गृहस्थ जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि गृहस्थ जीवन में त्याग और प्रेम सर्वोपरि होता है। यदि प्रेम और त्याग होगा तो गृहस्थ जीवन वृंदावन बन सकता है, अन्यथा यह कुरुक्षेत्र का युद्धभूमि भी बन सकता है।
सुदामा चरित्र से मिला धैर्य और भक्ति का संदेश
आचार्य श्री राजेश कृष्ण जी महाराज ने कथा में सुदामा चरित्र का भी विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि सुदामा ने अपने जीवन में अत्यधिक गरीबी और कष्ट झेले, लेकिन धैर्य और प्रभु के प्रति अटूट विश्वास बनाए रखा। इसी कारण अंततः उन्हें अपार वैभव की प्राप्ति हुई।
उन्होंने सुदामा की कथा से जीवन का एक महत्वपूर्ण संदेश दिया—
दुख में तड़पो मत, सुख में फूलो मत, प्राण जाए मगर नाम भूलो मत।
अपने रथ को सुमार्ग पर लगाते चलो, कृष्ण गोविंद गोपाल गाते चलो।
इस कथा से यह शिक्षा मिलती है कि भक्ति और श्रद्धा कभी व्यर्थ नहीं जाती। जो व्यक्ति सच्चे मन से श्रीकृष्ण का स्मरण करता है, उसे जीवन में किसी भी प्रकार का अभाव नहीं रहता।