आदित्यपुर: आरआईटी थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट कॉलोनी से सटे अर्थ एंक्लेव में चोरों ने लगातार दूसरी बार बंद फ्लैटों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फ्लैट संख्या 104 और 304 में चोरों ने इस बार भी ताले तोड़े। गौरतलब है कि बीते साल 2 मार्च को भी इन्हीं फ्लैटों में चोरी हुई थी। हालांकि, पिछले अनुभव से सतर्क फ्लैट मालिकों ने इस बार अपने घरों में नगद और आभूषण नहीं रखे थे, जिससे चोरों को खास सामान हाथ नहीं लगा।
सीसीटीवी में कैद हुई चोरों की हरकतें
फ्लैट में घुसते समय नकाबपोश चोरों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं। हालांकि, चोरों ने चतुराई से कैमरों के तार काट दिए, जिससे आगे की रिकॉर्डिंग बाधित हो गई। घटना की सूचना मिलने पर आरआईटी थाना प्रभारी विनय कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि यह गिरोह बंद फ्लैटों को खासतौर पर निशाना बना रहा है। गिरोह की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस तेजी से प्रयास कर रही है।
सतवाहनी में भी चोरी की वारदात
गिरोह के चोरों ने हाल ही में आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सातवाहनी के साई कल्पना अपार्टमेंट में पांच घरों में चोरी की थी। इसके बाद आसंगी फॉर्च्यून सिटी और अब अर्थ एंक्लेव में हुई चोरी की घटनाओं ने पुलिस और स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है।
निवासियों में बढ़ी चिंता
लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्र के निवासियों में डर और असुरक्षा का माहौल है। लोग पुलिस से गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और जल्द गिरोह को पकड़ने का आश्वासन दिया है।

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.



