https://whatsapp.com/channel/0029VajZKpiKWEKiaaMk4U3l
Eastern States

जमशेदपुर में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी को लेकर बैठक, निकलेंगी 11 झांकियां, 24 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल

जमशेदपुर-गणतंत्र दिवस 2025 पर जिला स्तरीय समारोह की तैयारी को लेकर समाहरणालय सभागार जमशेदपुर में उपायुक्त अनन्य मित्तल की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक हुई. उपायुक्त ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह का आयोजन बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में होगा. विभिन्न विभागीय पदाधिकारी को दायित्व सौंपा गया है. जिला स्तरीय समारोह भव्य होगा. विभिन्न विभागों द्वारा निकाली जानेवाली झांकियों के अलावा इस वर्ष मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना समेत कुल 11 झांकियों को शामिल करने का निर्णय लिया गया. गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को टाउन हॉल, सिदगोड़ा में सांस्कृतिक समारोह के आयोजन का निर्णय लिया जिसमें विभिन्न स्कूल के बच्चों द्वारा देश प्रेम से ओतप्रोत गीत-संगीत पर प्रस्तुति दी जाएगी.

बैठक में एसएसपी किशोर कौशल, परियोजना निदेशक आइटीडीए दीपांकर चौधरी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अनिकेत सचान, एसडीएम धालभूम शताब्दी मजूमदार, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी व निजी कंपनियों के प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए.

जिला स्तरीय समारोह में इस वर्ष 1 प्लाटून जैप-6, 3 प्लाटून जिला पुलिस बल (सहायक पुलिस सहित), 1 प्लाटून जिला गृह रक्षक तथा 2 प्लाटून एन.सी.सी (महिला/ पुरूष) के अलावा स्काउट एंड गाइड के प्लाटून को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया. परेड का पूर्वाभ्यास 20 से 22 जनवरी तक होगा, 24 जनवरी को परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल गोपाल मैदान में किया जाएगा.

सभी सरकारी भवनों, कार्यालयों में झंडोत्तोलन का निर्देश दिया गया. साथ ही महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों की साफ सफाई किए जाने का निर्देश दिया गया. समारोह स्थल की ससमय साफ-सफाई एवं आवश्यक तैयारी के लिए जेएनएसी को जुस्को प्रबंधन से समन्वय बनाने, आगंतुकों के बैठने की उचित व्यवस्था, एंबुलेंस, अग्निशामक आदि व्यवस्था संबंधी दायित्व सौंपते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया.

newsmedia kiran.com
Author: newsmedia kiran.com

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!