जमशेदपुर। मंईयां सम्मान योजना का पैसा न मिलने से नाराज महिलाओं ने शुक्रवार को जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं का आरोप है कि योजना का लाभ पाने के लिए वे तीन महीने से प्रखंड और अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक निराशा ही हाथ लगी है।
महिलाओं ने बताया कि सरकार ने लाखों महिलाओं के खातों में योजना की पांच किस्तें भेज दी हैं, लेकिन उनके खातों में अब तक एक भी किस्त नहीं आई। शुक्रवार को जब वे प्रखंड कार्यालय पहुंचीं, तो वहां कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। इससे नाराज होकर महिलाओं ने प्रखंड कार्यालय परिसर में नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि सरकार ने चुनाव के समय वादा किया था कि हर पात्र महिला को योजना का लाभ मिलेगा, लेकिन अब उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड और अंचल कार्यालय के कर्मचारी फार्म में त्रुटि का बहाना बनाकर उन्हें टालते रहे हैं। महिलाओं ने मांग की कि यदि फार्म में कोई गलती है, तो इसकी सूचना देकर सुधार का मौका दिया जाए।
महिलाओं ने यह भी बताया कि वे उपायुक्त कार्यालय भी गई थीं, लेकिन वहां से उन्हें अंचल कार्यालय भेज दिया गया। इस भटकाव और लापरवाही से परेशान महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करेंगी।
महिलाओं ने सरकार से मांग की है कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं को दिया जाए, अन्यथा झारखंड की किसी भी महिला को योजना का लाभ न मिले। उनका कहना है कि जब वोट लेने के लिए नेता घर-घर आ सकते हैं, तो उनकी समस्याओं का समाधान क्यों नहीं किया जा सकता? अब वे इस मुद्दे को लेकर बड़ा कदम उठाने के लिए तैयार हैं।

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.



