Top 5 This Week

Related Posts

नेपाल में बाढ़ के बाद त्रिशूली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की टनल में 100 से ज्यादा लोग फंसे, ऊना का इंजीनियर सुखविंद्र भी लापता

Una/Nepal: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद त्रिशूली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की एक टनल में 100 से अधिक लोगों के फंसे होने की सूचना से हड़कंप मचा हुआ है।

इसी टनल में कार्यरत हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के मैहतपुर-बसदेहड़ा निवासी मेकेनिकल इंजीनियर सुखविंद्र भी बुधवार से लापता हैं। बाढ़ के बाद से परिवार लगातार उनसे संपर्क करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन अभी तक उनसे सीधा संपर्क नहीं हो पाया है।

सुखविंद्र नेपाल में त्रिशूली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में मेकेनिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार, बाढ़ के कारण प्रोजेक्ट की टनल का प्रवेश द्वार गाद और मलबे से बंद हो गया है। इसके चलते टनल के अंदर मौजूद लोगों तक राहत और बचाव दल के लिए पहुंचना मुश्किल हो गया है।

परिवार को मिली जानकारी के मुताबिक टनल के मुहाने के आगे बड़ी मात्रा में गाद और मलबा जमा है। इसे हटाने के लिए राहत एवं बचाव दल युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि जैसे ही मलबा और गाद हटाने का काम पूरा होगा, टनल के अंदर फंसे लोगों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और उनसे संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जाएगी।

भाई और भतीजा पहुंचे काठमांडू

सुखविंद्र के पिता हुसन लाल ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे उनके बड़े बेटे वीरेंद्र और भतीजे शिवम से फोन पर बातचीत हुई थी। दोनों सुखविंद्र की तलाश और हालात की जानकारी लेने के लिए काठमांडू पहुंचे हुए हैं। उन्हीं के माध्यम से परिवार को नेपाल में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी मिल रही है।

परिजनों के अनुसार, सुखविंद्र से बुधवार के बाद से कोई बातचीत नहीं हुई है। लगातार संपर्क नहीं होने के कारण परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। परिजन हर संभव माध्यम से सुखविंद्र की जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं।

नेपाल त्रासदी पर CM सुक्खू ने किया फोन, परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ और आपदा के बीच ऊना निवासी सुखविंदर रत्न के प्रभावित होने की खबर पर चिंता जताई। मुख्यमंत्री ने सुखविंदर के चचेरे भाई शुभम से फोन पर बातचीत कर परिवार का हाल जाना और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और ग्लेशियर आपदा के बाद बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है। कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं और हाइड्रोपावर परियोजनाओं की सुरंगों में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशासन भी जुटा तलाश में

ऊना के एसडीएम अभिषेक मित्तल ने बताया कि सुखविंद्र की तलाश को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन नेपाल में संबंधित अधिकारियों और स्तरों से जानकारी जुटाने के साथ-साथ परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास में है।

नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा के बाद मैहतपुर-बसदेहड़ा निवासी सुखविंद्र के परिवार की चिंता पूरे क्षेत्र में बनी हुई है। स्थानीय लोग भी उनके सकुशल लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं।

फिलहाल राहत एवं बचाव दल टनल के प्रवेश द्वार पर जमा गाद और मलबे को हटाने में जुटे हैं। बचाव कार्य आगे बढ़ने के साथ ही टनल में फंसे लोगों और सुखविंद्र की स्थिति को लेकर अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Ragav Kalia
Author: Ragav Kalia

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles