रांची: झारखंड सरकार की जन कल्याणकारी योजना “मंईयां सम्मान योजना” की पांचवी किस्त का वितरण आज, 11 दिसंबर से शुरू हो गया है। इस योजना के तहत राज्य की लगभग 57 लाख योग्य महिलाओं के बैंक खातों में पांचवी किस्त भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
सरकार ने इस बार 1,000 रुपए की जगह 2,500 रुपए की राशि प्रदान करने का वादा किया है, जो लाभुक महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी। योजना के अंतर्गत आने वाली महिलाएं इस पांचवी किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं।
योग्यता और आवेदन में सुधार की प्रक्रिया
हालांकि, यह राशि केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगी जो योजना की पात्रता को पूरा करती हैं। योजना के लिए आयु सीमा 18 से 50 वर्ष तय की गई है। साथ ही, आवेदन में दी गई बैंक डिटेल्स, IFSC कोड, राशन कार्ड जैसी जानकारी सही होना अनिवार्य है।
यदि आवेदन में कोई त्रुटि हो गई हो, तो लाभुक महिलाओं को घबराने की जरूरत नहीं है। आधार कार्ड, बैंक पासबुक और राशन कार्ड लेकर ब्लॉक कार्यालय में जाकर फॉर्म में सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है। सुधार के बाद उनकी योजना राशि बैंक खाते में आ जाएगी।
किन्हें नहीं मिलेगा योजना का लाभ?
इस योजना से वंचित रहने वाले व्यक्तियों की श्रेणियां इस प्रकार हैं:
50 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं।
गलत जानकारी प्रदान करने वाले आवेदनकर्ता।
जिनके परिवार में सरकारी नौकरी करने वाला कोई सदस्य हो।
इनकम टैक्स दाता या ईपीएफ (EPF) खाताधारक।
उच्च आय वर्ग से संबंधित व्यक्ति।
अगर आप इन श्रेणियों में आते हैं, तो योजना के लिए आवेदन देने के बावजूद आपको मंईयां सम्मान योजना की पांचवी किस्त का लाभ नहीं मिलेगा।
झारखंड सरकार की इस पहल का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना और उनकी आजीविका सुधारना है। इस योजना से जुड़ी कोई भी समस्या आने पर संबंधित ब्लॉक कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.

