रांची: ज्यादा रिटर्न का लालच देकर झारखंड के कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सीआईडी थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बोकारो स्टील सिटी के निवासी शंकर दयाल दूबे ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी पूनम कुमारी के नाम पर आदर्श को-ऑपरेटिव सहारा कार्यालय में 10 लाख रुपये का निवेश किया गया था।
निवेश के नाम पर झांसा
शंकर दयाल दूबे के अनुसार, आदर्श को-ऑपरेटिव सहारा के मैनेजर सुरेंद्र कुमार, जोन मैनेजर सुंदर झा, ई-स्कॉट रेंटल सॉल्यूशन रांची के हेड शोभित सिंह, कंपनी हेड आदित्य बनर्जी और मुख्य अधिकारी पी.के. पालित ने उन्हें विश्वास दिलाया कि 10 लाख रुपये के निवेश पर हर महीने 12,500 रुपये और चार महीने बाद 8,400 रुपये बोनस मिलेगा। इसके साथ एक साल बाद पूरी जमा राशि लौटाने का वादा किया गया।
सिर्फ दो महीने तक भुगतान, फिर ठगी
दूबे ने बताया कि उन्हें शुरुआती दो महीने 12,500 रुपये के हिसाब से कुल 25,000 रुपये मिले। इसके बाद भुगतान बंद हो गया। जब उन्होंने कार्यालय जाकर संपर्क किया तो आश्वासन दिया गया, लेकिन पैसा नहीं मिला। बाद में संबंधित अधिकारियों ने उनका फोन उठाना भी बंद कर दिया।
झारखंड में 100 करोड़ रुपये की ठगी की आशंका
शंकर दयाल दूबे ने प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया है कि इस गिरोह ने झारखंड के कई लोगों से इसी तरह ठगी की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ठगी का कुल आंकड़ा 100 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।
सीआईडी जांच शुरू
सीआईडी थाने में मामला दर्ज होने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला बड़े वित्तीय फर्जीवाड़े का संकेत दे रहा है और जांच के दौरान और भी पीड़ितों के सामने आने की संभावना है।
लोगों को निवेश करते समय सतर्क रहने और अधिक रिटर्न के लालच में न आने की सलाह दी गई है।

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.



