
आम आदमी पार्टी ने अब स्पष्ट कर दिया है कि वह अब इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (INDIA) का हिस्सा नहीं है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को बयान दिया कि आम आदमी पार्टी अब विपक्षी गठबंधन में शामिल नहीं है और कांग्रेस पार्टी की नेतृत्व क्षमता पर भी गंभीर सवाल खड़े किए।
यह टिप्पणी उस समय आई है जब INDIA गठबंधन की डिजिटल बैठक शनिवार शाम आयोजित होने जा रही है। यह बैठक लोकसभा चुनाव 2024 के बाद की पहली बैठक होगी, जिसमें विभिन्न दल देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर मंथन करेंगे।
संजय सिंह ने कांग्रेस को बताया ‘असहज नेतृत्वकर्ता’
आप नेता संजय सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा, “यह कोई बच्चों का खेल नहीं है। लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने कोई औपचारिक बैठक नहीं बुलाई। ना गठबंधन के विस्तार की पहल हुई, ना समन्वय का कोई प्रयास दिखा। कांग्रेस कभी अखिलेश यादव को कोसती है, कभी ममता बनर्जी या उद्धव ठाकरे को। INDIA गठबंधन को एकजुट रहना चाहिए था। कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद एकता सुनिश्चित करने में नाकाम रही है।”
गुजरात की जीत के बाद कांग्रेस पर निशाना
गुजरात के विसावदर उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद भी आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने रणनीति के तहत काम किया। संजय सिंह ने इसी बात को दोहराते हुए कहा कि पार्टी ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और गुजरात में स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ा और आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भी अकेले मैदान में उतरने जा रही है। “INDIA गठबंधन महज लोकसभा चुनाव तक की रणनीति थी। अब हम उसका हिस्सा नहीं हैं। लेकिन संसद में हम एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका जरूर निभाएंगे।”
INDIA की बैठक से पहले संकेत
INDIA गठबंधन की शनिवार को प्रस्तावित ऑनलाइन बैठक संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले हो रही है। माना जा रहा है कि इसमें विभिन्न विपक्षी दल एक साथ मिलकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ साझा रणनीति तय करेंगे। हालांकि, आम आदमी पार्टी इस मंच से बाहर रहकर अब विपक्ष में स्वतंत्र भूमिका निभाने की मंशा जता चुकी है।
ये भी पढ़ें: Liquor Scam: चैतन्य बघेल 5 दिन की ED रिमांड पर, पूर्व CM भूपेश बघेल ने लगाए गंभीर आरोप