डेस्क: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को हुई तेज बारिश का सबसे बड़ा असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर देखने को मिला। भारी बारिश और मौसम की खराब स्थितियों के कारण उड़ान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार, 7 अक्टूबर 2025 को खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 100 उड़ानें देरी से चलीं। उड़ान को तब देरी से माना जाता है, जब वह तय समय से 15 मिनट या उससे ज्यादा देर से चले।
कई उड़ानें डायवर्ट
बारिश के चलते दृश्यता घटने और रनवे पर संचालन में दिक्कत के कारण दिल्ली आने वाली कई फ्लाइट्स को अन्य एयरपोर्ट्स पर डायवर्ट करना पड़ा। हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार कुल 15 उड़ानें डायवर्ट की गईं, जिनमें से 8 को जयपुर, 5 को लखनऊ और 2 को चंडीगढ़ भेजा गया।
अचानक हुई देरी और उड़ानों के डायवर्जन के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा, वहीं कनेक्टिंग फ्लाइट्स छूटने से कई लोग अपने गंतव्य तक समय पर नहीं पहुंच पाए।

