ऑस्ट्रेलिया में भारतीय अंडर-19 टीम का जलवा, टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप
By Vaibhav tiwari | News Media Kiran
प्रकाशित: · 2 मिनट में पढ़ें
शेयर करें
9 अक्टूबर 2025
भारतीय क्रिकेट टीम इस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली में दूसरा टेस्ट खेलने की तैयारी कर रही है, लेकिन इसी बीच भारत की अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया की सरज़मीं पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। युवा भारतीय टीम ने दूसरा यूथ टेस्ट जीतकर 2 मैचों की सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया। इससे पहले वनडे सीरीज में भी भारत ने मेजबानों का 3-0 से सूपड़ा साफ किया था। इस तरह भारत ने ऑस्ट्रेलिया दौरे का समापन लगातार 5 जीतों के साथ किया।
2 दिन में निपटा टेस्ट मैच
मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले गए दूसरे यूथ टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से हराया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम महज़ 135 रन पर ढेर हो गई। भारत की पहली पारी भी मजबूत नहीं रही, लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों के योगदान से टीम ने 171 रन बनाए और बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में मेजबान टीम सिर्फ 116 रन ही बना पाई। भारत को जीत के लिए मिले 81 रनों के लक्ष्य को टीम ने 12.2 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
भारत की ओर से वेंदात त्रिवेदी ने नाबाद 33 रन बनाए, जबकि राहुल कुमार 13 रन पर नाबाद लौटे। कप्तान आयुष म्हात्रे ने 13 और विहान मल्होत्रा ने 21 रन का योगदान दिया। हालांकि, पहले टेस्ट के हीरो रहे वैभव सूर्यवंशी दूसरी पारी में पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो गए।
टेस्ट और वनडे दोनों सीरीज में क्लीन स्वीप
पहला टेस्ट भारत ने ब्रिसबेन में पारी और 58 रन से जीता था, जिसमें वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शतक जड़ा। दूसरा टेस्ट महज़ 2 दिन में जीतकर भारत ने सीरीज 2-0 से अपने नाम की। इससे पहले भारत ने 3 मैचों की वनडे सीरीज भी 3-0 से जीती थी। इस तरह ऑस्ट्रेलिया को अपने घर में भारतीय अंडर-19 टीम से लगातार 5 हार झेलनी पड़ी।
यह नतीजे भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए बेहद उत्साहजनक हैं। युवा खिलाड़ियों ने साबित किया है कि वे विदेशी सरजमीं पर भी दमखम दिखाने का माद्दा रखते हैं। अब सबकी निगाहें इसी आत्मविश्वास को लेकर आगे बढ़ रही सीनियर भारतीय टीम पर टिकी होंगी, जो जल्द ही ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी।