SFI Protest College Street: कोलकाता विश्वविद्यालय के सामने कॉलेज स्ट्रीट पर मंगलवार (17 नवंबर 2026) को वामपंथी छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और पुलिस के बीच पुस्तक स्टॉल लगाने को लेकर झड़प हुई। पुलिस ने यातायात बाधित होने की आशंका जताते हुए स्टॉल लगाने से रोक दिया। इसके विरोध में SFI कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और रास्ता जाम कर दिया। पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए कार्रवाई की और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
घटना सोमवार शाम से शुरू हुई, जब SFI की कोलकाता विश्वविद्यालय इकाई ने विश्वविद्यालय के सामने पुस्तक स्टॉल लगाने की तैयारी की। संगठन का दावा है कि पिछले चार-पांच वर्षों से नवंबर महीने में इसी स्थान पर पुस्तक बिक्री का कार्यक्रम होता रहा है। SFI के अनुसार, उनके पास जरूरी अनुमतियां थीं और फीस भी जमा की गई थी। लेकिन लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय की ओर से यह निर्देश आया कि स्टॉल लगने से ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है, इसलिए उसे रोका जाए।
मंगलवार सुबह से ही SFI कार्यकर्ता कॉलेज स्ट्रीट में जुटने लगे। उन्होंने सड़क पर किताबें और बैनर फैलाकर बैठने की कोशिश की। बैनरों पर शरत चंद्र चट्टोपाध्याय, सुकांत भट्टाचार्य और रितिक घटक जैसे लेखकों की तस्वीरें भी दिखाई दीं। संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर स्टॉल नहीं लगाया गया तो वे सड़क पर बैठकर ही किताबें बेचेंगे। इससे इलाके में ट्रैफिक प्रभावित हुआ।

