बुधवार, 18 नवंबर 2026
लाइव देखें
हॉट टॉपिक्स
ब्रेकिंग

UP News: अब ड्रोन से खेती और फसल की मार्केटिंग सीखेंगे युवा, रुहेलखंड विश्वविद्यालय देगा मुफ्त ट्रेनिंग

19 मिनट पहले
UP News
UP News

UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में अब खेती-किसानी का तरीका बदलने की तैयारी है। किसानों और युवाओं को खेती की आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय एक बड़ी पहल करने जा रहा है। इसके तहत अब खेतों की निगरानी ड्रोन से करने, स्मार्ट खेती अपनाने और आधुनिक कृषि उपकरणों के इस्तेमाल से लेकर फसलों की बेहतर मार्केटिंग तक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विश्वविद्यालय हैदराबाद की कंपनी खेतिवालाह के साथ समझौता करने की तैयारी में है। खास बात यह है कि इस पूरी ट्रेनिंग की सुविधा निशुल्क देने की तैयारी है।

खेती के साथ कारोबार की भी मिलेगी जानकारी

प्रशिक्षण कार्यक्रम में युवाओं को खेती के पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर तकनीक का इस्तेमाल करना सिखाया जाएगा। इसमें ड्रोन फार्मिंग, मिट्टी की जांच, आधुनिक कृषि यंत्रों के संचालन और स्मार्ट फार्मिंग की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा फसल तैयार होने के बाद उसकी गुणवत्ता बनाए रखने, भंडारण और बाजार में बेहतर कीमत हासिल करने के तरीके भी बताए जाएंगे। विश्वविद्यालय का मकसद कृषि क्षेत्र में तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ किसानों की आमदनी और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते तैयार करना है।

डेयरी और मत्स्य पालन में उद्यम के अवसर

इस पहल में सिर्फ खेती तक सीमित प्रशिक्षण नहीं होगा, बल्कि कृषि आधारित कारोबार शुरू करने के लिए भी युवाओं को तैयार किया जाएगा। एग्री बिजनेस, डेयरी उद्योग और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा। विद्यार्थियों को कृषि आधारित स्टार्टअप शुरू करने, बाजार की मांग समझने और अपने उत्पादों की स्मार्ट मार्केटिंग करने के तरीके बताए जाएंगे। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी प्रो. अमित कुमार सिंह के मुताबिक इस कार्यक्रम में कृषि को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

स्किल यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित होगा विश्वविद्यालय

रुहेलखंड विश्वविद्यालय को कौशल आधारित शिक्षा के क्षेत्र में देश के सामने एक मॉडल के रूप में स्थापित करने की योजना पर भी काम चल रहा है। इसके लिए उद्योग-अकादमिक प्रकोष्ठ बनाया गया है। विश्वविद्यालय अलग-अलग तकनीकी क्षेत्रों की कंपनियों के साथ साझेदारी बढ़ा रहा है। साइबर सिक्योरिटी और टेक्नोलॉजी के लिए नोएडा की नेवीटेक, डेटा एवं टेक एक्सपर्ट डेवलपमेंट के लिए मुंबई की डेटागैम और एविएशन प्रशिक्षण के लिए नई दिल्ली की फ्लाई ओला के साथ सहयोग की तैयारी है।

70 प्रतिशत प्रैक्टिकल से मजबूत होगी पढ़ाई

नई शिक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ वास्तविक काम का अनुभव देने पर जोर रहेगा। प्रस्तावित पाठ्यक्रमों में 70 प्रतिशत व्यावहारिक प्रशिक्षण और 30 प्रतिशत सैद्धांतिक पढ़ाई का अनुपात रखने की योजना है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को डिग्री के साथ तीन स्किल सर्टिफिकेट भी मिलें। इसके अलावा इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी कंपनियों के साथ तालमेल बनाया जाएगा।

सीएसआर फंड से बनेंगी स्मार्ट लैब और जल्द होगा समझौता

कौशल विकास की इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए कंपनियों की सीएसआर फंडिंग का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इसके जरिए स्मार्ट लैब, स्किल सेंटर और इनक्यूबेशन सेंटर विकसित करने की तैयारी है। कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने बताया कि उद्योग-अकादमिक प्रकोष्ठ की पहली बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई है। शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय के साथ काम करने में रुचि दिखाई है। जल्द ही संबंधित कंपनियों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। विश्वविद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही रोजगारपरक कौशल और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

Read More Here:-

Netsha Singh
Author: Netsha Singh

वोटिंग जानकारी लोड हो रही है...

कवरेज: Netsha Singh, News Media Kiran

Netsha Singh

News Media Kiran के लिए लिखते हैं।

अपनी राय दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *