MLA Bhushan Bara Case: सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर POCSO समेत अन्य धाराओं में दर्ज मामले में नया मोड़ आया है। 14 वर्षीय किशोरी ने राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग (NCPCR) के समक्ष अपने पहले आरोपों का समर्थन नहीं किया है। मंगलवार को दिल्ली से रांची पहुंची आयोग की टीम ने चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) के संरक्षण में प्रेमाश्रय में रह रही किशोरी का बयान दर्ज किया। सूत्रों के अनुसार, किशोरी ने विधानसभा थाना में दर्ज प्राथमिकी के आरोपों का समर्थन नहीं किया। इससे पहले बीएनएस की धारा 183 के तहत न्यायालय में दर्ज बयान में भी उसने आरोपों से अलग रुख अपनाया था। सिमडेगा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
किशोरी ने 13 नवंबर को रांची के विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें विधायक भूषण बाड़ा और दो महिलाओं एमा बाड़ा व जोसिमा खाखा के खिलाफ POCSO एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि मई 2026 में दोनों महिलाओं ने पढ़ाई और स्कूल में दाखिले का भरोसा देकर उसे विधायक आवास ले आईं। वहां घरेलू काम कराया गया। विरोध पर मारपीट, गाली-गलौज और पर्याप्त भोजन न देने का भी आरोप था। कुछ रिपोर्टों में पांच अगस्त को कथित घटना और बाद में गर्भपात का जिक्र भी आया है। विधायक बाड़ा ने आरोपों को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया है।

