बुधवार, 18 नवंबर 2026
लाइव देखें
हॉट टॉपिक्स
ब्रेकिंग

Indian Railways Women Travel Rules: महिला ट्रेन में भी कर सकती है बिना टिकट यात्रा? जानिए रेलवे का यह खास नियम

10 मिनट पहले
Indian Railways Women Travel Rules
Indian Railways Women Travel Rules

Indian Railways Women Travel Rules: सोशल मीडिया की दुनिया में हर दिन कुछ न कुछ वायरल होता रहता है। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक टीटीई एक महिला यात्री को ट्रेन से नीचे उतारता हुआ दिख रहा है। वीडियो कब और कहां का है, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं है कि महिला बिना टिकट सफर कर रही थी या गलती से किसी गलत कोच में चढ़ गई थी। इस वीडियो के सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या बिना टिकट यात्रा करने पर किसी महिला यात्री को बीच रास्ते में ट्रेन से उतारा जा सकता है?

महिलाओं के लिए क्या है नियम?

भारतीय रेलवे के नियमों के अनुसार बिना वैध टिकट सफर करना कानूनी रूप से गलत है और इसके लिए निर्धारित किराया या जुर्माना भरना पड़ता है। लेकिन महिला यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे अधिनियम, 1989 में विशेष प्रावधान किए गए हैं। अगर कोई महिला अकेली या अपने छोटे बच्चों के साथ सफर कर रही है, तो उसे हर परिस्थिति में ट्रेन से बाहर नहीं निकाला जा सकता। रेलवे ने महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ये खास नियम बनाए हैं।

रात के समय नहीं उतार सकता TTE

नियमों के अनुसार अगर कोई अकेली महिला या बच्चों के साथ सफर कर रही महिला रात के समय (शाम 6:00 बजे से सुबह 6:00 बजे के बीच) बिना टिकट पकड़ी जाती है और उसके पास जुर्माना भरने के पैसे भी नहीं हैं, तब भी टीटीई उसे किसी छोटे, अनजान या सुनसान स्टेशन पर ट्रेन से नहीं उतार सकता। महिला की सुरक्षा के मद्देनजर उसे रात में ट्रेन से बाहर निकालना सख्त मना है। यह नियम महिलाओं को रात के अंधेरे में असुरक्षित स्थिति से बचाने के लिए बनाया गया है।

दिन में उतारने के लिए भी हैं शर्तें?

यदि महिला यात्री टिकट का किराया और जुर्माना देने से मना करती है या पैसे देने में असमर्थ है, तो उसे केवल दिन के समय ही ट्रेन से उतारा जा सकता है। लेकिन इसके लिए भी रेलवे ने दो अनिवार्य शर्तें तय की हैं। महिला को किसी भी छोटे स्टेशन पर नहीं उतारा जा सकता। उसे केवल उसी स्टेशन पर उतारा जा सकता है जहां से ट्रेन शुरू हुई है, जहां ट्रेन की यात्रा समाप्त हो रही है, या फिर किसी बड़े जंक्शन, टर्मिनल या जिला मुख्यालय वाले प्रमुख स्टेशन पर। साथ ही किसी महिला यात्री को ट्रेन से उतारते समय मौके पर महिला पुलिसकर्मी का मौजूद होना बेहद जरूरी है।

किराया और जुर्माने का क्या है नियम?

अगर बिना टिकट पकड़ी गई महिला यात्री के पास पैसे मौजूद हैं, तो वह यात्रा का पूरा किराया और निर्धारित जुर्माना (जुलाई 2026 से संशोधित प्रावधानों के तहत न्यूनतम 500 रुपये पेनल्टी) भरकर उसकी रसीद ले सकती है और अपनी आगे की यात्रा जारी रख सकती है। यदि महिला के पास जनरल टिकट है या कोई टिकट नहीं है और वह स्लीपर या एसी कोच में बैठी है, तो टीटीई उसे आरक्षित सीट से हटाकर जनरल कोच में जाने या नियमानुसार जुर्माना भरने के लिए कह सकता है। हालांकि रात के समय उसे ट्रेन से बाहर नहीं निकाला जा सकता।

नियम तोड़ने पर कहां और कैसे करें शिकायत?

यदि यात्रा के दौरान कोई टीटीई या रेलवे कर्मचारी रात के समय, खराब मौसम में या बिना महिला कांस्टेबल की मौजूदगी के किसी महिला यात्री को ट्रेन से उतारने का दबाव बनाता है या अभद्र व्यवहार करता है, तो यात्री तुरंत अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करके या रेल मदद (RailMadad) ऐप और पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत करते समय संबंधित टीटीई का नाम, उसका बैज नंबर या आईडी कार्ड जरूर देख लें, ताकि रेलवे प्रशासन द्वारा दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सके।

Read More Here:-

Adarsh Pandey
वोटिंग जानकारी लोड हो रही है...

कवरेज: Adarsh Pandey, News Media Kiran

Adarsh Pandey

News Media Kiran के लिए लिखते हैं।

अपनी राय दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *