Jharkhand Ambulance Strike: झारखंड राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े लगभग 2000 चालक और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन 18 नवंबर की रात आठ बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इस हड़ताल के कारण पूरे प्रदेश में एंबुलेंस सेवा बुरी तरह प्रभावित हो गई है। हड़ताली कर्मचारी गुरुवार सुबह से ही नामकुम स्थित स्वास्थ्य मुख्यालय के एनएचएम कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारी कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कार्यालय के मुख्य गेट के समीप सड़क पर बैठकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के बैनर तले यह आंदोलन किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी समस्याओं का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है जिससे वे अब बहुत परेशान हो चुके हैं।

