डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की रणभेरी बज चुकी है, और विपक्षी महागठबंधन ने अपना दांव चला दिया है। गुरुवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में महागठबंधन ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का आधिकारिक चेहरा घोषित कर दिया। इस फैसले पर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को अजमेर में मीडिया से बातचीत में खुला समर्थन जताया। उन्होंने इंडिया गठबंधन के सभी नेताओं को बधाई दी और भरोसा जताया कि बिहार की जनता तेजस्वी को सत्ता सौंपेगी।
अखिलेश ने कहा, “मैं इंडिया गठबंधन के सभी नेताओं को बधाई देना चाहता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि बिहार की जनता तेजस्वी यादव और इंडिया गठबंधन को एक मजबूत मौका देगी।” यह बयान महागठबंधन के एकजुट होने का संकेत देता है, जहां कांग्रेस, आरजेडी, वाम दलों और अन्य सहयोगी दलों के बीच सीएम फेस को लेकर पहले कुछ असहमति की खबरें आई थीं।

