भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 अक्टूबर से शुरू हो रही वनडे (ODI) सीरीज से पहले टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर चर्चा में हैं। लंबे अंतराल के बाद कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं। उन्होंने आखिरी बार मार्च 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जहां उन्होंने टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। अब वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक नई शुरुआत करने को तैयार हैं।
सीरीज से पहले विराट कोहली ने एक्स (X) पर एक क्रिप्टिक पोस्ट साझा की, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। कोहली ने लिखा “आप वास्तव में तभी फेल होते हैं, जब आप हार मान लेते हैं।”
इस पोस्ट को देखते ही फैन्स ने इसे उनके संन्यास को लेकर चल रही अटकलों से जोड़ना शुरू कर दिया। कई जानकारों का मानना है कि यह पोस्ट उनके करियर से जुड़ी खबरों पर एक तरह का जवाब है। गौरतलब है कि कोहली पहले ही टेस्ट और टी20 क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं और अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया का हिस्सा हैं।
‘नई शुरुआत’ का संकेत दे रहे हैं कोहली
36 वर्षीय कोहली के इस संदेश को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि वह अभी क्रिकेट से पीछे हटने के मूड में नहीं हैं। उल्टा, यह पोस्ट इस बात का संकेत देती है कि वे अपने करियर के नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहे हैं। टीम इंडिया और फैंस को उनसे इस सीरीज में बड़े प्रदर्शन की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें: ट्रंप का दावा: मोदी ने दिया भरोसा, भारत अब नहीं खरीदेगा रूसी तेल -भारत सरकार ने नहीं की पुष्टि
कोहली की फिटनेस और फॉर्म एक बार फिर फोकस में होगी। क्रिकेट विशेषज्ञ मानते हैं कि यह दौरा उनके लिए निर्णायक साबित हो सकता है अगर वे यहां अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो उनका वनडे करियर और लंबा चल सकता है।



