बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की रणभेरी बजते ही कांग्रेस में टिकट वितरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। कांग्रेस चुनाव समिति (सीईसी) की दिल्ली में दो दिनों तक चली महत्वपूर्ण बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, विधान मंडल दल के नेता डॉ. शकील अहमद खान और प्रभारी कृष्णा अल्लावरू बुधवार की शाम पटना पहुंचे। एयरपोर्ट से सीधे डॉ. खान के सरकारी आवास पर बने वॉर रूम में पहुंचे नेताओं ने उम्मीदवारों को बारी-बारी से बुलाकर चर्चा की।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने कई सीटों पर टिकट कन्फर्म कर दिए हैं। महागठबंधन में सीट बंटवारे का इंतजार किए बिना कांग्रेस ने अपनी 76 सीटों में से कुछ पर उम्मीदवार तय कर लिए हैं। यह कदम इंडिया गठबंधन के अन्य दलों के साथ तालमेल की खींचतान के बीच आया है, जहां आरजेडी और वीआईपी के साथ विवाद जारी है।

