Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी तेज हो गई है और सत्ताधारी एनडीए ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को उनके ही गढ़ में घेरने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में, जेडीयू के एक तेज-तर्रार और कर्मठ नेता निर्मल सिंह ने तेजस्वी यादव की परंपरागत सीट, वैशाली जिले की राघोपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। निर्मल सिंह ने आज पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पर जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर इस सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई और उनका आशीर्वाद मांगा।
मुख्यमंत्री से मुलाकात, विजय चौधरी को मिले निर्देश
निर्मल सिंह, जेडीयू के राज्यसभा सांसद खीरु महतो के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने नीतीश कुमार के सामने राघोपुर सीट से चुनाव लड़ने का अपना प्रस्ताव रखा। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने निर्मल सिंह की बातों को बहुत गंभीरता से सुना। बैठक में बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस संबंध में मंत्री विजय चौधरी को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, जिससे यह कयास लगाया जा रहा है कि पार्टी निर्मल सिंह की दावेदारी पर गंभीरता से विचार कर रही है।
तेजस्वी ने राघोपुर को भगवान भरोसे छोड़ा, बाढ़ में बनाते रहे रील’
मुख्यमंत्री आवास से बाहर निकलने के बाद निर्मल सिंह ने अपने समर्थकों और मीडिया से बात करते हुए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राघोपुर की जनता अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रही है। निर्मल सिंह ने कहा, राघोपुर विधानसभा में पिछले नौ में से सात चुनावों में आरजेडी को जीत हासिल हुई है, इसके बावजूद आज राघोपुर की जो दुर्दशा है, वह किसी से छिपी नहीं है।
उन्होंने राघोपुर से लगातार दो बार के विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर सीधा निशाना साधते हुए कहा, तेजस्वी यादव ने राघोपुर की जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। उन्होंने हाल ही में आई बाढ़ का जिक्र करते हुए कहा, “इस साल आई भीषण बाढ़ में जब वहां की जनता बदहाली में थी, तब तेजस्वी यादव पटना के मरीन ड्राइव पर रील बनाने का काम कर रहे थे।
मैं धरतीपुत्र, सीट जीतकर पार्टी को लौटाऊंगा’
निर्मल सिंह ने अपनी दावेदारी को मजबूत करते हुए खुद को ‘धरतीपुत्र’ बताया। उन्होंने कहा, “मै इसी विधानसभा क्षेत्र का निवासी हूँ और मैं इस क्षेत्र के चप्पे-चप्पे से वाकिफ हूँ। यहां की जनता की हर समस्या को मैं समझता हूं।” उन्होंने पार्टी नेतृत्व को भरोसा दिलाते हुए कहा कि अगर पार्टी राघोपुर से उन्हें मौका देती है, तो वह पार्टी के भरोसे पर खरा उतरेंगे और यह सीट जीतकर एनडीए की झोली में डालेंगे।
राघोपुर सीट का राजनीतिक महत्व
राघोपुर सीट बिहार की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक है। यह लालू प्रसाद यादव परिवार की परंपरागत सीट मानी जाती है और वर्तमान में यहां से तेजस्वी यादव विधायक हैं। 2020 के चुनाव में भी उन्होंने यहां से जीत दर्ज की थी। अब जेडीयू की तरफ से एक स्थानीय और जुझारू नेता की दावेदारी से यह साफ है कि एनडीए इस बार तेजस्वी यादव को उनके ही घर में कड़ी चुनौती देने की तैयारी कर रहा है। निर्मल सिंह ने पच्चीस से तीस, बिहार में फ़िर से नीतीश का नारा देते हुए दावा किया कि एनडीए गठबंधन आगामी चुनाव में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगा और जनता राहुल-तेजस्वी के ‘ठगबंधन’ को पहचान चुकी है।
Sanjana Gupta
Hindi Content Writer | New Media Kiran
Sanjana Gupta is a Hindi Content Writer at New Media Kiran, creating accurate, engaging, and reader-friendly news and web content for digital platforms. She specializes in well-researched Hindi articles that keep audiences informed and interested.

