https://whatsapp.com/channel/0029VajZKpiKWEKiaaMk4U3l
PoliticsSouthern statesविविध

जमशेदपुर में बढ़ते अपराध और अवैध गतिविधियों पर भाजपा का हल्लाबोल, 10 दिनों में समाधान नहीं तो होगा थानों का घेराव

जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जमशेदपुर में नशे के बढ़ते कारोबार, बालू माफियाओं के आतंक, और बढ़ते अपराधों को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के भाजपा नेताओं ने वरीय पुलिस उपाधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो जनता के साथ मिलकर थानों का घेराव किया जाएगा।

भाजपा नेताओं ने ज्ञापन में कहा कि जमशेदपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नशे का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। सिदगोड़ा और बिरसानगर क्षेत्र बालू माफियाओं का गढ़ बन चुके हैं, जहां अवैध बालू उठाव के कारण पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो रहा है। वहीं, बिरसानगर में सरकारी जमीनों की खुलेआम बिक्री हो रही है, और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

पार्टी ने बताया कि चौक-चौराहों पर असामाजिक तत्वों की अड्डेबाजी और थाना क्षेत्रों में बढ़ती छिनतई की घटनाएं आम हो गई हैं। महिलाओं और छात्राओं के बीच असुरक्षा का माहौल गहरा रहा है। भाजपा नेताओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन की निष्क्रियता के कारण आम जनता भय और असुरक्षा में जीने को मजबूर है।

भाजपा जमशेदपुर महानगर के महामंत्री संजीव सिंह ने कहा, “पहले भी इन समस्याओं पर ध्यान आकृष्ट कराया गया था, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यदि 10 दिनों के भीतर इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो भाजपा जनता के साथ सड़कों पर उतरेगी और थानों का घेराव करेगी।”

इस दौरान भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार, बालू माफियाओं की गतिविधियों, और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। पार्टी ने जोर देकर कहा कि कानून-व्यवस्था बहाल करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

ज्ञापन सौंपने वालों में मिथिलेश सिंह यादव, बबुआ सिंह, संजीव सिंह, पप्पू सिंह, खेमलाल चौधरी, पवन अग्रवाल, बिनोद सिंह, अमित सिंह, सागर राय, युवराज सिंह, बबलू गोप, विकास शर्मा, सूरज सिंह, अप्पा राव, प्रोबिर चटर्जी राणा, संतोष ठाकुर, पप्पू मिश्रा, रूबी झा, बोलटू सरकार, अशोक सामंत, राजेश सिंह पप्पू, और अमिश अग्रवाल समेत अन्य प्रमुख नेता शामिल थे।

भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि वह जनहित के मुद्दों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी और जरूरत पड़ने पर सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ने को तैयार है।

newsmedia kiran.com
Author: newsmedia kiran.com

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!