Denza Z9 GT: बीवाईडी के लग्जरी ब्रांड डेंजा ने भारत में अपनी नई इलेक्ट्रिक कार जेड9 जीटी लॉन्च कर दी है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.56 करोड़ रुपये रखी गई है। बुकिंग के लिए 10 लाख रुपये जमा करने होंगे। यह कंपनी की भारत में अब तक की सबसे महंगी और टॉप मॉडल कार है। डेंजा ने इसे अपनी दूसरी गाड़ी डी9 एमपीवी के साथ लॉन्च किया है। डी9 का मुकाबला टोयोटा वेलफायर और लेक्सस एलएम जैसी लग्जरी गाड़ियों से होगा।
जेड9 जीटी को खास तौर पर उन खरीदारों के लिए तैयार किया गया है जो परफॉर्मेंस, लग्जरी और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी तीनों चाहते हैं। कंपनी का दावा है कि यह कार एक बार चार्ज में 670 किलोमीटर तक चल सकती है और 2.7 सेकंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है।
Denza Z9 GT का डिजाइन और साइज कैसा है?
डेंजा जेड9 जीटी साइज में काफी बड़ी कार है। इसकी लंबाई करीब 5180 मिलीमीटर, चौड़ाई 1990 मिलीमीटर और ऊंचाई 1490 मिलीमीटर है। दोनों पहियों के बीच की दूरी 3125 मिलीमीटर है। कंपनी ने इसे सामान्य लग्जरी सेडान या एसयूवी के बजाय चार दरवाजों वाली खास जीटी स्टाइल कार के रूप में पेश किया है। छत पीछे की तरफ ढलान वाली है और पिछला हिस्सा लंबा रखा गया है। इस डिजाइन से यह नॉर्मल कारों से अलग दिखती है।
इतनी बड़ी कार मुड़ने में कितनी आसान है?
बड़ी कारों को तंग जगह में मोड़ना मुश्किल होता है, लेकिन जेड9 जीटी में रियर-व्हील स्टीयरिंग तकनीक दी गई है। पीछे के पहिए 15 डिग्री तक घूम सकते हैं। इससे कार छोटी जगहों पर आसानी से मुड़ जाती है। कंपनी का दावा है कि यह कार केकड़े की तरह तिरछी दिशा में भी आगे बढ़ सकती है और 360 डिग्री तक घूम सकती है। शहर की भीड़भाड़ और पार्किंग में यह फीचर काफी काम आएगा।
अंदर का इंटीरियर और फीचर्स क्या-क्या मिलते हैं?
कार में पांच लोग आराम से बैठ सकते हैं। आगे की सीटें काफी आरामदायक बनाई गई हैं। इनमें बटन दबाकर आगे-पीछे और ऊपर-नीचे एडजस्टमेंट के साथ हीटिंग, कूलिंग और मसाज की सुविधा मिलती है। ड्राइवर की सीट में एक खास फीचर है जो मोड़ पर शरीर को बेहतर सहारा देने के लिए किनारों को एडजस्ट करता है।
डैशबोर्ड पर तीन बड़ी स्क्रीन हैं। बीच में 17.3 इंच की टचस्क्रीन से कई फीचर्स कंट्रोल किए जा सकते हैं। आगे बैठे यात्री के लिए अलग 13.2 इंच की स्क्रीन और ड्राइवर के सामने 13.2 इंच की डिजिटल स्क्रीन है। गाने सुनने के शौकीनों के लिए 20 स्पीकर वाला डेवियलेट साउंड सिस्टम दिया गया है।
सेफ्टी और परफॉर्मेंस कैसी है?
सेफ्टी के मामले में जेड9 जीटी काफी लोडेड है। आगे की तरफ छह और पीछे की तरफ छह रडार लगे हैं जो आसपास की चीजों पर नजर रखते हैं। एबीएस, ऑटो पार्क असिस्ट, नौ एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम भी उपलब्ध है।
पावरट्रेन की बात करें तो इसमें 122.49 किलोवाट-आवर की बैटरी लगी है। पावर 1156 पीएस और टॉर्क 1210 न्यूटन-मीटर है। कंपनी का दावा है कि एनईडीसी साइकिल पर रेंज 670 किलोमीटर तक मिलती है। जीरो से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार 2.7 सेकंड में पकड़ लेती है। ड्राइवट्रेन ऑल-व्हील ड्राइव है।
Read More Here
- UP Police Mission Shakti: प्रतापगढ़ में महिला पुलिस को मिलीं 14 नई स्कूटियां, सुरक्षा अभियान को मिली नई रफ्तार
- बिहार के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को ऐप से मिलेगा लोन, 60 दिन में चुकाने पर ब्याज माफ
- Aadhaar Update: घर बैठे फ्री में दस्तावेज अपडेट करने का मौका, UIDAI ने डेडलाइन बढ़ाकर 14 जून 2027 किया
- UP News: जयंत चौधरी का नया JGDM फॉर्मूला, पश्चिमी यूपी में जाट-गुर्जर-दलित-मुस्लिम समीकरण बनाने की तैयारी

