Top 5 This Week

Related Posts

Havoc caused by heavy rains in Himachal: रामपुर में पुल बहा, सिरमौर में नदी में फंसे दो लोग, 60 सड़कें प्रभावित

Shimla: हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को कई इलाकों में हुई भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। शिमला, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, बिलासपुर समेत कई जिलों में बारिश के कारण बाढ़, भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाएं सामने आईं।

रामपुर के पंद्रह-बीस क्षेत्र में कूट खड्ड में अचानक बाढ़ आने से निजी विद्युत परियोजना को नुकसान पहुंचा, जबकि कूट पंचायत के सुरू गांव में पैदल पुल बह गया। इससे ग्रामीणों का संपर्क प्रभावित हुआ।

सिरमौर में नदी के बीच फंसे दो लोग

सिरमौर के नाहन उपमंडल के बर्मा पापड़ी गांव में मंगलवार को दो लोग नदी के बीच फंस गए। जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति भैंस चराने गया था। नदी पार करते समय अचानक पानी का स्तर बढ़ गया और वह बीच में फंस गया। उसे बचाने पहुंचे दूसरे व्यक्ति के लिए भी तेज बहाव के कारण स्थिति मुश्किल हो गई।

दोनों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन ने हेलिकॉप्टर की मदद ली। दोनों को हेलिकॉप्टर के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान मौके पर डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी मौजूद रहे।

चायल गांव के घरों को खतरा

निरमंड उपमंडल की बागीपुल-जाओं सड़क पर भारी भूस्खलन के कारण चायल गांव के कुछ घरों को खतरा पैदा हो गया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तीन घर खाली करवाए और प्रभावित परिवारों को उनके रिश्तेदारों के घरों में शिफ्ट किया।

60 सड़कें और 39 पेयजल योजनाएं प्रभावित

भारी बारिश के चलते मंगलवार शाम तक प्रदेश में 60 सड़कें, 11 बिजली ट्रांसफार्मर और 39 पेयजल योजनाएं प्रभावित रहीं। मंडी जिले में सुबह 34 सड़कें बंद थीं, जिनमें से आठ को दोपहर तक बहाल कर दिया गया। शाम चार बजे तक 26 सड़कें बंद थीं।

राष्ट्रीय राजमार्ग-003 भी रोपड़ू नाला के पास करीब ढाई घंटे प्रभावित रहा। कुन्नू पुल बस ठहराव के पास पहाड़ी का बड़ा हिस्सा हाईवे पर गिर गया था। मलबा हटाने के बाद यातायात बहाल किया गया।

कालका-शिमला रेल सेवा भी प्रभावित

खराब मौसम और सुरक्षा कारणों से मंगलवार को कालका-शिमला रेल ट्रैक पर ट्रेनें नहीं चलीं। खराब मौसम को देखते हुए बुधवार को भी रेल सेवा बंद रखने का निर्णय लिया गया है। वहीं, चंबा में खराब मौसम और धुंध के कारण मणिमहेश यात्रा के लिए भरमौर और होली से गौरीकुंड के बीच हेलिकॉप्टर सेवा भी प्रभावित रही।

चुन्नी के सहारे बाइक सवार को बचाया

चुवाड़ी के ककीरा-कमलाहड़ी मार्ग पर भारी बारिश के दौरान तेज पानी के बहाव में एक बाइक सवार फंस गया। पानी का बहाव तेज होने से उसका संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक टैक्सी चालक ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसकी मदद की।

टैक्सी चालक के साथ मौजूद नवविवाहिता और उसकी ननद ने चुन्नी के सहारे बाइक सवार को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बुधवार को तीन जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को कांगड़ा में 99 मिमी, धर्मशाला में 43 मिमी, पांवटा साहिब में 26 मिमी, नाहन में 25 मिमी, बिलासपुर में 15 मिमी और शिमला में 13 मिमी बारिश दर्ज की गई।

Ragav Kalia
Author: Ragav Kalia

वोटिंग जानकारी लोड हो रही है...

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles