जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने रविवार को सहरसा जिले के सौर बाजार में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए जनता से सीधा संवाद किया। उन्होंने राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और शिक्षा की बदहाल स्थिति को लेकर नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा और जनता से बदलाव की अपील की।
“राशन और बिजली से संतुष्ट मत हो जाइए, अपने बच्चों का भविष्य देखिए”
प्रशांत किशोर ने कहा कि आज बिहार में आम लोग इस बात से संतुष्ट हैं कि उन्हें हर महीने पांच किलो राशन, एलपीजी सिलेंडर और बिजली मिल रही है, लेकिन कोई यह नहीं पूछता कि उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा और नौकरी क्यों नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि राज्य में जमीन की रसीद कटवाने से लेकर राशन कार्ड बनवाने तक के लिए रिश्वत देनी पड़ती है, और नेता-अधिकारी इसमें लिप्त हैं।
सरकार बनी तो हर बुजुर्ग को मिलेगी ₹2000 मासिक पेंशन
सभा के दौरान प्रशांत किशोर ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा, “यदि बिहार में हमारी सरकार बनती है, तो दिसंबर 2025 से 60 साल से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को ₹2000 मासिक पेंशन दी जाएगी।”
निजी स्कूलों की फीस भी देगी सरकार
प्रशांत किशोर ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चिंता जताई और कहा कि जब तक सरकारी स्कूलों की हालत नहीं सुधरती, तब तक राज्य सरकार बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाएगी। “15 साल से कम उम्र के बच्चों को आप निजी स्कूलों में पढ़ाएं, सरकार उनकी फीस का भुगतान करेगी, ताकि गरीब का बच्चा भी अंग्रेजी मीडियम में पढ़ सके।”
अब बाहर जाने की जरूरत नहीं
प्रशांत किशोर ने आश्वासन दिया कि इस साल छठ के बाद सहरसा और आसपास के युवाओं को 10-12 हजार की मजदूरी के लिए अपना गांव छोड़कर बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा, “अब बिहार में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, ताकि हर युवा अपने परिवार के साथ रहकर काम कर सके।”
लालू-नीतीश की राजनीति से जनता थक चुकी है: जन सुराज
सभा में जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि अब बिहार की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने अपील की कि इस बार वोट देने से पहले सोचना चाहिए कि क्या आप अपने बच्चों के लिए वोट दे रहे हैं या उन्हीं भ्रष्ट नेताओं को जो हर बार आपको धोखा देते हैं।
किशोर कुमार, जो जन सुराज की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष और पूर्व विधायक हैं, ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। “लालू और नीतीश की राजनीति से जनता अब पूरी तरह ऊब चुकी है। लेकिन इस बार उनके पास ईमानदार और मजबूत विकल्प मौजूद है – जन सुराज।”
कई पदाधिकारियों की मौजूदगी
इस कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रदेश उपाध्यक्ष ललनजी, जिला अध्यक्ष नवल किशोर सिंह, जिला महासचिव इरफान, अभियान संयोजक प्रभात अस्थाना, युवा प्रभारी सोहन झा, महिला नेत्री नूतन कुमारी, जिला महिला अध्यक्ष रजनी बाला, कहरा प्रखंड अध्यक्ष हरेंद्र खां और पतरघट प्रखंड अध्यक्ष रूपेश मिश्रा सहित अनेक नेता शामिल थे।
ये भी पढ़ें: Amarnath Yatra 2025: अमरनाथ यात्री के दौरान बड़ा हादसा, 3 बसों की टक्कर, 10 श्रद्धालु घायल



