बिहार में महिलाओं को बड़ी सौगात, अब मिलेंगे 10,000 रुपये, ऐसे करें आवेदन

बिहार सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक महत्वाकांक्षी पहल की है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य सरकार प्रत्येक पात्र परिवार की एक महिला को स्वरोजगार के लिए 10,000 रुपये की सहायता राशि देगी। इस योजना की शुरुआत 26 सितंबर को होगी। इस दिन आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन जुड़ेंगे, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्य अतिथि होंगे।
सरकार की ओर से यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी। पहले चरण में 75 लाख महिलाओं के खातों में कुल 7,500 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। अब तक शहरी और ग्रामीण इलाकों से 1 करोड़ 11 लाख से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया है।
योजना का उद्देश्य
यह योजना महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने या छोटे व्यवसायों को बढ़ाने में मदद करेगी। महिलाएं इस राशि का उपयोग खेती, पशुपालन, हस्तशिल्प, सिलाई-बुनाई और अन्य लघु उद्यमों में कर सकेंगी। योजना का लक्ष्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं, खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को सशक्त बनाना है। जिन महिलाओं का स्वरोजगार अच्छा प्रदर्शन करेगा, उन्हें भविष्य में 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
Also Read: अशोक चौधरी ने प्रशांत किशोर को भेजा ₹100 करोड़ का नोटिस, क्या है कारण?
आवेदन और पात्रता
योजना का लाभ पति-पत्नी और अविवाहित बच्चों वाले परिवारों को मिलेगा। अविवाहित वयस्क महिलाएं, जिनके माता-पिता जीवित नहीं हैं, भी पात्र होंगी। उम्र 18 से 60 साल के बीच होनी चाहिए। आवेदिका या उनके पति आयकर दाता या सरकारी कर्मचारी नहीं होने चाहिए। साथ ही, आवेदिका का स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ा होना आवश्यक है।
ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं आवेदन ग्राम संगठन स्तर पर जमा करेंगी। जो महिलाएं अभी तक SHG से नहीं जुड़ी हैं, उन्हें पहले समूह में शामिल होना होगा। शहरी महिलाएं जीविका की वेबसाइट www.brlps.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
ग्रामीण क्षेत्र से 1 करोड़ 7 लाख जीविका दीदियों ने आवेदन किया है, जबकि 1.40 लाख महिलाओं ने SHG से जुड़ने की प्रक्रिया शुरू की है। शहरी इलाकों से भी 4.66 लाख महिलाओं ने आवेदन किया है और 4 लाख से अधिक महिलाएं समूह से जुड़ने की इच्छुक हैं।
यह योजना न सिर्फ महिलाओं को आर्थिक मजबूती देगी, बल्कि पूरे परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।