Top 5 This Week

Related Posts

जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने इस्तीफे का किया संकेत, सामने आयी बड़ी वजह

डेस्क: जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने रविवार को संकेत दिया कि वे पद से इस्तीफा देने वाले हैं। यह फैसला उन्होंने जुलाई में हुए संसदीय चुनावों में मिली करारी हार और अपनी ही पार्टी के भीतर से लगातार बढ़ती आलोचनाओं के बाद लिया है। जापानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) के कई वरिष्ठ नेताओं ने इशिबा से राजनीतिक जिम्मेदारी लेने और पद छोड़ने की मांग की थी।

शिगेरू इशिबा ने पिछले साल अक्टूबर में प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी। हालांकि, उनके कार्यकाल के महज 10 महीने बाद ही राजनीतिक दबाव इतना बढ़ गया कि इस्तीफे की नौबत आ गई। पार्टी का दक्षिणपंथी धड़ा पिछले एक महीने से लगातार उनके खिलाफ मोर्चा खोले हुए था और इस्तीफे की मांग कर रहा था।

जुलाई में हुए संसदीय चुनाव में LDP को करारी हार का सामना करना पड़ा। 248 सीटों वाले उच्च सदन में बहुमत न हासिल कर पाने से सरकार की स्थिरता पर सवाल खड़े हो गए। इसी हार के बाद से ही इशिबा पर इस्तीफे का दबाव और बढ़ गया।

गौरतलब है कि सोमवार को LDP के भीतर नेतृत्व परिवर्तन पर वोटिंग होनी थी। यह वोटिंग इशिबा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव जैसी स्थिति पैदा कर सकती थी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस शर्मनाक स्थिति से बचने और पार्टी में बढ़ते असंतोष को शांत करने के लिए उन्होंने पहले ही इस्तीफे का संकेत दे दिया।

अब पार्टी के भीतर नए नेतृत्व की तलाश शुरू हो चुकी है। माना जा रहा है कि इशिबा का इस्तीफा आधिकारिक तौर पर मंजूर होने के बाद जल्द ही LDP नए प्रधानमंत्री का नाम सामने ला सकती है। यह कदम जापान की राजनीति में एक बड़ा मोड़ साबित हो सकता है।

ये भी पढ़ें: Delhi Flood Alert: दिल्ली में बाढ़ का खतरा, यमुना का जलस्तर 205.98 मीटर, हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़ा गया

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles