Jharkhand MMDR Amendment: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को विधानसभा के विशेष सत्र में केंद्र सरकार द्वारा संशोधित माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) अधिनियम यानी एमएमडीआर एक्ट के खिलाफ राजकीय संकल्प पेश किया। उन्होंने साफ कहा कि इन संशोधनों से राज्य को हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान उठाना पड़ सकता है। इससे राज्य की कई जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। विधानसभा में यह प्रस्ताव पारित भी कर दिया गया।
दो दिवसीय विशेष सत्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे को विस्तार से उठाया। उन्होंने केंद्र से आग्रह किया कि संशोधन अधिनियम पर दोबारा विचार करे और इसे वापस ले। झारखंड खनिज संपदा से भरपूर राज्य है, लेकिन खनन का सबसे बड़ा बोझ स्थानीय आदिवासी, दलित और वंचित समुदायों पर पड़ता है। विस्थापन, जमीन छिनना, पर्यावरणीय नुकसान और सामाजिक विघटन जैसी समस्याएं इन क्षेत्रों में आम हैं। इसलिए खनिज से मिलने वाले राजस्व का एक हिस्सा इन्हीं प्रभावित इलाकों के विकास पर खर्च होना चाहिए।

