Jharkhand News: झारखंड सरकार ने गरीब लोगों की मदद के लिए एक अच्छा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना को अब मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के साथ जोड़ दिया गया है। इस बदलाव से बीमार लोगों को ज्यादा पैसा मिलेगा। पहले की तुलना में अब 15 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सकेगी। यह फैसला 13 अगस्त 2025 को स्वास्थ्य विभाग की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने की।
यह योजना आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत काम करेगी। इसमें ट्रस्ट मोड का इस्तेमाल होगा, जिससे इलाज आसान हो जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे झारखंड के लोग आसानी से अच्छा इलाज पा सकेंगे। योजना में 21 तरह की गंभीर बीमारियां शामिल हैं। इन बीमारियों के इलाज के लिए पैकेज तय किए जाएंगे। स्वास्थ्य निदेशक को इस काम का जिम्मा दिया गया है।

