Kulgam Encounter: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के लारू इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच सोमवार को हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकी मारे गए हैं। इनमें लश्कर का अंतिम सक्रिय स्थानीय कमांडर और 15 लाख रुपये का इनामी मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल है। यह कार्रवाई 11 नवंबर को अखरान गांव में सीआरपीएफ नाका पार्टी पर हुए हमले के बाद लगातार चल रहे तलाशी अभियान के दौरान हुई। मीडिया रिपोर्टों और सुरक्षा सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। आधिकारिक पुष्टि और दूसरे आतंकी की पहचान का इंतजार है।
सुरक्षा बलों ने 11 नवंबर के हमले के बाद से कुलगाम और आसपास के इलाकों में घेराबंदी और तलाशी अभियान तेज कर रखा था। रविवार रात से लारू इलाके में संयुक्त अभियान चलाया गया। आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद घेरा डाला गया। गोलीबारी शुरू हुई, जिसमें दोनों आतंकी मारे गए। ऑपरेशन अभी जारी बताया जा रहा है।

