डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए NDA का प्रचार अभियान जोर-शोर से शुरू हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को समस्तीपुर और बेगूसराय में लगातार दो रैलियों को संबोधित करते हुए विपक्षी महागठबंधन पर तीखा प्रहार किया। ‘लालटेन’ (RJD का चुनाव चिह्न) को निशाना बनाते हुए उन्होंने जनता से मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाने को कहा और तंज कसा, “इतनी रोशनी फैली हुई है, हर हाथ में लाइट है, तो अब लालटेन की क्या जरूरत?” यह कटाक्ष RJD के ‘जंगलराज’ और पुराने दौर पर था, जबकि ‘लाइट’ आधुनिक विकास और NDA सरकार की प्रगति का प्रतीक बनी।
लेकिन सवाल यह है कि पीएम ने जनता के बीच कौन सी ‘बैटरी’ फिर से चार्ज कर दी? जवाब साफ है – बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘बैटरी’! मोदी ने स्पष्ट रूप से कहा, “नीतीश कुमार के नेतृत्व में इस बार NDA अपने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ देगा और बिहार से अब तक का सबसे बड़ा जनादेश हासिल करेगा।” यह बयान NDA के CM फेस को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाने जैसा है। विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने हाल ही में दावा किया था कि NDA नीतीश को दोबारा CM नहीं बनाएगा, लेकिन मोदी का यह ऐलान नीतीश की स्थिति को मजबूत करने वाला साबित हो रहा है।

