बिहार विधानसभा चुनाव 2025: दो चरणों में मतदान, 14 नवंबर को मतगणना; जानें आयोग की खास घोषणाएं

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस बार चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। इस घोषणा के साथ ही प्रदेश की सियासत में सरगर्मी बढ़ गई है।
CEC ज्ञानेश कुमार ने बिहार चुनाव को “मदर ऑफ ऑल इलेक्शन” करार दिया। उन्होंने बताया कि 22 साल बाद मतदाता सूची में व्यापक शुद्धिकरण हुआ है और इस बार 17 नए प्रयोग किए जा रहे हैं। आधुनिक तकनीक, सख्त निगरानी और पारदर्शी प्रक्रियाओं के कारण यह चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक होगा।
243 जनरल, 38 पुलिस और 67 खर्च पर्यवेक्षक की तैनाती
आयोग ने घोषणा की कि बिहार चुनाव में 243 जनरल ऑब्जर्वर, 38 पुलिस ऑब्जर्वर और 67 एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर की तैनाती की जाएगी। ये सभी राज्य से बाहर के होंगे और चुनाव आयोग के “आंख और कान” माने जाएंगे। इनका मुख्य काम मतदाताओं की समस्याओं को हल करना और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना होगा।
1100 पोलिंग स्टेशनों पर घोड़ा पेट्रोलिंग, हर बूथ पर 818 मतदाता
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 1100 पोलिंग स्टेशनों पर घोड़ों से पेट्रोलिंग की जाएगी। आयोग ने बताया कि हर बूथ पर औसतन 818 मतदाता होंगे। सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक और पारंपरिक तरीकों का संयोजन अपनाया जाएगा।
फेक न्यूज, नकदी और शराब पर कड़ी निगरानी
चुनाव आयोग ने साफ किया कि फेक न्यूज, गलत सूचनाओं, नकदी और शराब के वितरण पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। CAPF की तैनाती पहले से ही कर दी जाएगी ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष हो।
मतदाता सूची में सुधार और नए वोटर कार्ड
आयोग ने बताया कि 30 सितंबर 2025 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई। इस बार 7.43 करोड़ मतदाता बिहार में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 3.92 करोड़ पुरुष, 3.50 करोड़ महिलाएं और 1,725 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 14 लाख युवा मतदाता पहली बार वोट डालेंगे।
वोटर्स के लिए ECI Net ऐप और हेल्पलाइन
मतदाताओं की सुविधा के लिए आयोग ने ECI Net ऐप लॉन्च किया है, जिसमें 40 ऐप्स को जोड़ा गया है। वोटर सीधे BLO से संपर्क कर सकेंगे। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी जानकारी और शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
नामांकन और जांच की प्रमुख तिथियां
-
पहले चरण का गैजेट नोटिफिकेशन: 10 अक्टूबर
-
दूसरे चरण का गैजेट नोटिफिकेशन: 13 अक्टूबर
-
नामांकन की अंतिम तिथि: 17 और 20 अक्टूबर
-
नामांकन पत्रों की जांच: 18 और 21 अक्टूबर
-
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 20 और 23 अक्टूबर
-
मतगणना: 14 नवंबर
Also Read: Bihar Politics 2025: आम आदमी पार्टी की पहली उम्मीदवार सूची जारी, 11 नामों पर केजरीवाल का दांव