PM Modi On Bihar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सूरत में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA की ऐतिहासिक जीत पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बिहार की जनता को बधाई देते हुए कहा कि बिहार के लोगों ने सांप्रदायिक जहर को ठुकराते हुए विकास के एजेंडे पर मुहर लगाई है। पीएम ने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया और बिहार की जीत को विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने वाला बताया। इससे पहले, पीएम ने सूरत में रहने वाले बिहार के लोगों से मुलाकात की, जहां उन्होंने गमछा लहराकर उनका स्वागत किया।
बिहार चुनाव की जीत का महत्व: विकास के एजेंडे पर मुहर
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के लोगों ने जातिवादी राजनीति को नकार दिया है। हर वर्ग ने NDA का साथ दिया। उन्होंने बिहार की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, “इससे विकसित भारत का संकल्प मजबूत हुआ है।” पीएम ने कहा कि “ये मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस को देश अस्वीकार कर चुका है। कांग्रेस को अब कोई बचा नहीं सकता है, ऐसी हालत हो गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार के लोगों ने सांप्रदायिक जहर को ठुकरा दिया और विकास के पक्ष में वोट दिया।
विपक्ष पर हमला: बहाने बनाने की कोशिश नाकाम
पीएम ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने बहाने बनाने की कोशिश की, लेकिन जनता ने नहीं सुनी। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर कहा था कि राम तो हुए ही नहीं। राजद ने रथयात्रा रोकी और समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोली चलाई। लेकिन आज अयोध्या में भगवान श्रीराम विराजमान हैं।” पीएम ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद हुए सभी चुनावों में कांग्रेस की हालत खराब है। बिहार में NDA को मिले विधायकों से ज्यादा विधायक कांग्रेस को 5-6 राज्यों में नहीं मिले।
बिहारियों का योगदान: गुजरात का विकास बिहार से जुड़ा
पीएम ने कहा कि गुजरात का विकास भारत के विकास से जुड़ा है, और इसमें बिहार के लोगों का अहम योगदान है। बिहार के लोग दुनिया को राजनीति समझाते हैं। सूरत में काम करने वाले बिहारियों का यहां पूरा हक है। उन्होंने कहा, अगर हम सूरत से आगे जा रहे हैं और बिहारी भाइयों से मिले बिना जाएं, तो लगता है यात्रा अधूरी रह गई है इसलिए गुजरात में रहने वाले और खासकर सूरत में रहने वाले मेरे बिहारी भाइयों का हक बनता है और इसलिए मेरी स्वाभाविक जिम्मेदारी भी बनती है कि आप लोगों के बीच आकर, इस विजयोत्सव के कुछ पल का मैं भी हिस्सा बनूं।
वक्फ कानून पर टिप्पणी: बिहार में सुधार
पीएम ने वक्फ कानून का जिक्र किया, जहां बिहार और तमिलनाडु में गैरकानूनी तरीके से जमीनों और गांवों को वक्फ प्रॉपर्टी बना दिया जाता था। उन्होंने कहा कि संसद में कानून पारित कर इसे ठीक किया गया है। बिहार विधानसभा में नीतीश कुमार को अपमानित करने का फैशन चल रहा था, लेकिन जनता ने जवाब दे दिया।
Sanjana Gupta
Hindi Content Writer | New Media Kiran
Sanjana Gupta is a Hindi Content Writer at New Media Kiran, creating accurate, engaging, and reader-friendly news and web content for digital platforms. She specializes in well-researched Hindi articles that keep audiences informed and interested.

