जमशेदपुर: जमशेदपुर में सोमवार को ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोग नए कपड़े पहनकर, इत्र लगाकर मस्जिदों और ईदगाहों की ओर रवाना हुए। शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह 6:00 बजे से लेकर 9:30 बजे तक ईद की विशेष नमाज अदा की गई। प्रमुख मस्जिदों में साकची जामा मस्जिद, मानगो की बारी मस्जिद, जाकिर नगर की इमाम हुसैनी मस्जिद और शिया जामा मस्जिद शामिल थीं।
आम बागान ईदगाह, जुगसलाई ईदगाह, धतकीडीह ईदगाह और मानगो ईदगाह मैदान में भी भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय ने नमाज अदा की। इस अवसर पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील इलाकों में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। खासकर मानगो गांधी मैदान, साकची जामा मस्जिद, जुगसलाई और कदमा के शास्त्री नगर में विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया था।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और घरों में मेहमानों का स्वागत किया। इस दौरान पारंपरिक मिठाइयों और सेंवइयों का आनंद लिया गया। ईद-उल-फितर, जिसे मीठी ईद भी कहा जाता है, रमजान के पवित्र महीने के समापन के बाद मनाई जाती है और यह आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देती है।

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.



