Rahul Gandhi statement: कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर हैं। बुधवार को उन्होंने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी से बातचीत की। कार्यक्रम की मॉडरेशन लिडिया पॉलग्रीन ने की। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उनके अनुसार इसकी मुख्य वजहें बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में मौजूद खामियां हैं। उन्होंने युवाओं में बढ़ती निराशा का जिक्र करते हुए कहा कि मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले और औपचारिक शिक्षा हासिल कर चुके युवाओं को अपना भविष्य नजर नहीं आ रहा।
राहुल गांधी का यह अमेरिका दौरा पिछले 12 साल में छठा है। कोलंबिया यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम के बाद वे यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो का दौरा भी करने वाले हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने चुनावी प्रक्रिया, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान और युवा-अभिभावक संबंधों जैसे मुद्दों पर भी अपने विचार रखे।

