RSSB Ayush Officer Recruitment 2025: राजस्थान में आयुष डिग्रीधारी युवाओं के लिए सरकारी विभाग में काम करने का मौका है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत संविदा आयुष अधिकारी (आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी) के 1535 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। BAMS, BHMS या BUMS डिग्री रखने वाले उम्मीदवार 10 अक्टूबर से 8 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते थे।
सुधार: इस खबर के पहले संस्करण में इन पदों को “स्थायी नौकरी” बताया गया था और योग्यता में सिद्ध व योग-प्राकृतिक चिकित्सा को भी शामिल किया गया था। RSSB के आधिकारिक विज्ञापन के अनुसार ये पद पूरी तरह संविदा आधारित हैं और केवल आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी के लिए हैं। पंजीकरण भी “अपने राज्य” की नहीं, बल्कि राजस्थान की संबंधित परिषद/बोर्ड में जरूरी है।
RSSB Ayush Officer Recruitment 2025 में कितने पद हैं
कुल 1535 पद हैं, जिनमें गैर-अनुसूचित क्षेत्र (Non-TSP) के 1340 और अनुसूचित क्षेत्र (TSP) के 195 पद शामिल हैं। ये पद आयुष अधिकारी के रूप में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के लिए हैं। विज्ञापन के अनुसार नियुक्ति एक वर्ष, या बढ़ाई गई अवधि, या परियोजना अवधि तक के लिए होगी और संविदा अवधि खत्म होते ही अपने आप समाप्त हो जाएगी। पूरी जानकारी rssb.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध है। भर्ती की खबर Times of India ने भी प्रकाशित की है।

