Top 5 This Week

Related Posts

रूस-यूक्रेन युद्ध: कीव पर ड्रोन और मिसाइल हमला, एक साल के बच्चे समेत दो की मौत

डेस्क: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध लगातार खतरनाक मोड़ लेता जा रहा है। ताजा घटनाक्रम में रूस ने एक बार फिर यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाया है। देर रात ड्रोन और मिसाइलों से हुए हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। वहीं, 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हमले के बाद कीव के कई इलाकों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कीव के कैबिनेट भवन की छत से धुआं उठते हुए देखा गया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह धुआं सीधे हमले की वजह से निकला या किसी अन्य कारण से।

कीव नगर प्रशासन प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया कि हमले में मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इसी दौरान एक साल के बच्चे का शव बरामद हुआ। अधिकारी ने कहा कि यह हमला बेहद दर्दनाक है और इससे मासूमों तक की जिंदगी खतरे में आ गई है।

कीव के मेयर विटालि क्लित्श्को ने जानकारी दी कि रूस से दागे गए ड्रोन का मलबा स्वियातोशिन्स्की जिले की एक आवासीय इमारत और डार्नितस्की जिले की एक अन्य इमारत पर गिरा। इस दौरान कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा है।

लगातार हो रहे हमलों से यूक्रेन की राजधानी कीव की स्थिति और भी गंभीर हो रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि रूस की ओर से बढ़ाए गए हमले युद्ध को और लंबा खींच सकते हैं। वहीं, कीव प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

ये भी पढ़ें: Delhi Flood Alert: दिल्ली में बाढ़ का खतरा, यमुना का जलस्तर 205.98 मीटर, हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़ा गया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles