Top 5 This Week

Related Posts

रूसी मंत्री रोमन स्टारोवोइट ने की आत्महत्या, भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद पुतिन ने किया था बर्खास्त

रूस के पूर्व परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइट ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उनकी मौत उसी दिन हुई जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उन्हें बर्खास्त किया था। उनका शव उनकी कार के अंदर मिला है। इस घटना के बाद से रूस के प्रशासनिक हलकों में हलचल मची हुई है।

बर्खास्तगी से जुड़ा विवाद

स्टारोवोइट को मई 2024 में परिवहन मंत्री बनाया गया था। इससे पहले उन्होंने करीब पांच वर्षों तक कुर्स्क क्षेत्र के गवर्नर के तौर पर काम किया था, जो यूक्रेन की सीमा से सटा हुआ इलाका है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन पर रूस के परिवहन, एविएशन और शिपिंग सेक्टर में लापरवाही और भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर आरोप लगे थे, जिसके बाद उन्हें पद से हटा दिया गया।

नई नियुक्ति पहले से तय थी?

रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, रोमन स्टारोवोइट की जगह आंद्रेई निकितिन को लाए जाने की योजना पहले से ही तैयार थी। ऐसा माना जा रहा है कि इस बदलाव की तैयारी सेंट पीटर्सबर्ग में हुए अंतरराष्ट्रीय आर्थिक फोरम से पहले ही हो चुकी थी। बर्खास्तगी के बाद निकितिन को कार्यवाहक परिवहन मंत्री का प्रभार सौंपा गया है।

कुर्स्क की स्थिति और विवाद

जब स्टारोवोइट ने कुर्स्क क्षेत्र के गवर्नर पद से इस्तीफा दिया, उसके कुछ ही सप्ताह बाद यूक्रेनी सैनिकों ने सीमा पार कर कुर्स्क में घुसपैठ की थी। बाद में रूसी सेना ने उन्हें पीछे धकेल दिया, लेकिन इस घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए थे। इसके बाद क्षेत्रीय प्रशासन से जुड़े कई अफसरों को पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार भी किया गया।

पुतिन के करीबी माने जाते थे स्टारोवोइट

रोमन स्टारोवोइट को रूस में एक ऐसा नेता माना जाता था, जिसने बुनियादी ढांचे, खासतौर पर सड़क निर्माण और सामाजिक सुविधाओं के विकास में अहम भूमिका निभाई थी। यही वजह थी कि पुतिन ने उन्हें गवर्नर बनने का मौका दिया और बाद में उन्हें केंद्रीय मंत्री पद पर भी नियुक्त किया।

लेकिन हालिया आरोपों और राजनीतिक दबावों के बीच उन्होंने खुदकुशी जैसा कदम उठाया, जिससे रूस की सत्ता के गलियारों में कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

ये भी पढ़ें: बिहार चुनाव से पहले वोटर लिस्ट विवाद गरमाया, महागठबंधन ने किया चक्का जाम का ऐलान, राहुल गांधी भी होंगे शामिल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles