Top 5 This Week

Related Posts

जहानाबाद से शुरू हुई तेजस्वी यादव की “बिहार अधिकार यात्रा”, पहले ही दिन भारी विरोध

डेस्क: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को जहानाबाद से अपनी बहुप्रचारित “बिहार अधिकार यात्रा” की शुरुआत की। लेकिन यात्रा के पहले ही दिन उन्हें स्थानीय नाराजगी का सामना करना पड़ा।

सभा स्थल गांधी मैदान पर बड़ी संख्या में लोग पोस्टर और तख्तियां लेकर पहुंचे। उन्होंने “सुदय हटाओ, जहानाबाद बचाओ” के नारे लगाए और विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विधायक सुदय यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं का अपमान किया है और योजनाओं की राशि का मनमाने ढंग से बंटवारा किया है।

काफिले को रोकने की कोशिश

विरोध केवल सभा स्थल तक सीमित नहीं रहा। फिदा हुसैन मोड़ और घोसी मोड़ पर भी अल्पसंख्यक समुदाय और राजद कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव के काफिले को रोकने की कोशिश की। इस दौरान “तेजस्वी से बैर नहीं, सुदय की खैर नहीं” जैसे नारे लगाए गए।

हालांकि विरोध का असर तेजस्वी यादव की सभा पर नहीं दिखा। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे और बैनरों व पोस्टरों से माहौल बनाया। तेजस्वी यादव ने जहानाबाद के बाद इस्लामपुर, हिलसा और फतुहा में भी सभाएं कीं।

जहानाबाद को राजद का परंपरागत गढ़ माना जाता है। लेकिन यहां के विधायक के खिलाफ उठी इस नाराजगी ने महागठबंधन के लिए नई चिंता खड़ी कर दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर कार्यकर्ताओं की नाराजगी समय रहते शांत नहीं हुई तो चुनावी मौसम में यह विवाद राजद के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है।

ये भी पढ़ें: पाकिस्तान ने खोल दी ट्रम्प के दावों की कलई, “सीजफायर में किसी ने नहीं की मध्यस्थता”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles